50 की उम्र में 1 करोड़ का रिटायरमेंट फंड चाहिए? जानें कितनी SIP से पूरा होगा सपना
1 crore SIP plan : रिटायरमेंट की प्लानिंग को लेकर ज्यादातर लोग एक ही गलती करते हैं ,वो सोचते रहते हैं, शुरू नहीं करते. जबकि सच यह है कि 50 साल की उम्र तक 1 करोड़ रुपये का फंड जोड़ना आज के दौर में उतना मुश्किल नहीं, जितना लगता है. बस एक चीज सही होनी चाहिए टाइमिंग. आप कितनी जल्दी निवेश शुरू करते हैं, यही तय करता है कि हर महीने आपकी जेब से कितना पैसा निकलेगा.
म्यूचुअल फंड SIP क्यों है भरोसेमंद रास्ता
सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान यानी SIP के जरिए हर महीने एक तय रकम म्यूचुअल फंड में डाली जा सकती है. यह सैलरीड लोगों के लिए खासतौर पर मुफीद तरीका माना जाता है, क्योंकि इसमें एकमुश्त बड़ी रकम की जरूरत नहीं पड़ती.
लंबी अवधि में इक्विटी म्यूचुअल फंड्स ने महंगाई को पछाड़ते हुए अच्छा रिटर्न दिया है. आगे की सारी कैलकुलेशन में हमने एक संतुलित अनुमान के तौर पर 12% सालाना रिटर्न को आधार बनाया है.
30 की उम्र में शुरुआत करने वालों को कितना फायदा
अगर आप 30 साल की उम्र से ही निवेश की शुरुआत कर देते हैं, तो 50 साल तक पहुंचते-पहुंचते आपके पास पूरे 20 साल का समय होता है. इतनी लंबी अवधि में कंपाउंडिंग अपना असली कमाल दिखाती है. इस हिसाब से 1 करोड़ रुपये के लक्ष्य के लिए हर महीने करीब 10,875 रुपये की SIP करनी होगी. 12% के अनुमानित रिटर्न के आधार पर यह आंकड़ा सामने आता है.
देर से शुरुआत करने पर बढ़ जाता है बोझ
जितनी देर से आप निवेश शुरू करेंगे, उतनी ही तेजी से आपकी मासिक SIP की रकम बढ़ती जाएगी. यही वजह है कि फाइनेंशियल प्लानर्स हमेशा जल्दी शुरुआत की सलाह देते हैं.
35 साल की उम्र में शुरुआत करने वालों के पास सिर्फ 15 साल बचते हैं. ऐसे में 1 करोड़ के लिए करीब 21,020 रुपये मासिक SIP चाहिए होगी, जो 30 की उम्र में शुरू करने वालों से 93% ज्यादा है.
वहीं 40 साल की उम्र में शुरुआत करने पर समय घटकर सिर्फ 10 साल रह जाता है. इस अवधि में 1 करोड़ जुटाने के लिए हर महीने लगभग 46,640 रुपये निवेश करने होंगे. यानी समय आधा होते ही SIP की रकम चार गुना से भी ज्यादा बढ़ जाती है.
स्टेप-अप SIP से घटाया जा सकता है शुरुआती दबाव
हर किसी के लिए शुरुआत से ही बड़ी रकम की SIP करना आसान नहीं होता. ऐसे में स्टेप-अप SIP एक स्मार्ट विकल्प बनकर सामने आता है. इस तरीके में निवेशक छोटी रकम से शुरुआत करता है और हर साल अपनी आमदनी बढ़ने के साथ SIP में एक तय प्रतिशत की बढ़ोतरी करता रहता है. सालाना 5% की बढ़ोतरी मानकर चलें, तो आंकड़े कुछ इस तरह बदल जाते हैं.
30 साल की उम्र में सामान्य 10,875 रुपये की जगह सिर्फ 7,850 रुपये से शुरुआत की जा सकती है. 35 साल की उम्र में 21,020 रुपये के बजाय 16,160 रुपये की शुरुआती SIP से काम चल जाता है. वहीं 40 साल की उम्र में 46,640 रुपये की जगह 37,130 रुपये से निवेश शुरू किया जा सकता है.
निवेश से पहले ध्यान रखें ये बातें
यह पूरी कैलकुलेशन 12% के अनुमानित सालाना रिटर्न पर आधारित है, जो बाजार की परिस्थितियों के हिसाब से घट-बढ़ सकता है. म्यूचुअल फंड में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन होता है, इसलिए निवेश से पहले फंड की स्कीम से जुड़े दस्तावेज ध्यान से पढ़ना जरूरी है.
