Sports News Without Access, Favor, Or Discretion!

  1. Home
  2. Country

Aaj Ka Mausam: दिल्ली में 4 सितंबर तक बारिश का अलर्ट, यूपी-बिहार में भारी बारिश; उत्तराखंड में बहुत भारी बारिश की चेतावनी

Aaj Ka Mausam

Mp Big News, Aaj Ka Mausam: सितंबर शुरू हो गया है, लेकिन बारिश अभी थमने का नाम नहीं ले रही. मानसून अपने आखिरी पड़ाव पर है और इसके बावजूद देश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश जारी है. मैदानी इलाके हों या पहाड़ी राज्य, दोनों जगह बादल जमकर बरस रहे हैं.

इसकी बड़ी वजह बंगाल की खाड़ी में बनी मौसमी हलचल है. इसी के असर से आज उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. साथ ही तेज हवाओं और आंधी की भी चेतावनी है.

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम

राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग ने आज मध्यम स्तर की बारिश का अनुमान जताया है. अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

कल यानी 3 सितंबर को दिल्ली में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक यह सिलसिला 4 सितंबर तक जारी रह सकता है, यानी दिल्लीवासियों को अभी छाता साथ रखना ही होगा.

यूपी, बिहार और झारखंड में अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही. आज मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मुरादाबाद, मथुरा, आगरा, सोनभद्र, कानपुर, मिर्जापुर, फतेहपुर, बांदा, प्रतापगढ़, चित्रकूट, कौशांबी, कांशीराम नगर, हरदोई, मैनपुरी, इटावा, शामली, बदायूं, गोरखपुर, प्रयागराज और देवरिया में भारी बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी हुआ है.

बिहार के भी कई जिलों में आज भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है. झारखंड में भी मौसम का मिजाज लगभग यूपी-बिहार जैसा ही रहने वाला है.

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान का हाल

पंजाब के कई जिलों में आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी है. हरियाणा में भी आज तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिल सकती है.

राजस्थान में टोंक, अजमेर, अलवर, जैसलमेर, जयपुर, बाड़मेर, भरतपुर, कोटा, डूंगरपुर, फलोदी, डीडवाना, जोधपुर और पाली जैसे जिलों में भारी बारिश और आंधी की आशंका है. मध्य प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है, वहीं छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है.

पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार बारिश

गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ हिस्सों में आज भारी बारिश हो सकती है. वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में आज से 7 सितंबर के बीच बारिश का दौर बना रहेगा.

अरुणाचल प्रदेश में आज से 4 सितंबर तक और फिर 6-7 सितंबर के दौरान भारी बारिश की संभावना है. असम और मेघालय में भी इसी अवधि में तेज बारिश हो सकती है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज से 6 सितंबर तक व्यापक बारिश का अनुमान जताया गया है.

दक्षिण भारत में भी बना रहेगा बारिश का दौर

दक्षिण भारत में भी 7 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. केरल और माहे के कई इलाकों में भी बारिश देखने को मिल सकती है.

हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर का क्या है हाल

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज कड़ा बना हुआ है. उत्तराखंड में चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग में आज भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है.

हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी आज भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी है. जम्मू-कश्मीर में भी कई जिलों में आज बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है, जिसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है.