Aaj Ka Mausam: 5 दिन बारिश की संभावना, यूपी-बिहार से MP और छत्तीसगढ़ तक अलर्ट; पहाड़ों में भी बरसात का असर
Aaj Ka Mausam : अगस्त के आखिरी दिनों में देश के कई हिस्सों में मानसून फिर सक्रिय नजर आ रहा है। कहीं हल्की बूंदाबांदी हो रही है तो कहीं तेज बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी का दौर बना रह सकता है। वहीं उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड और पहाड़ी राज्यों के कई इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
मौसम की इस गतिविधि के पीछे पूर्वी और मध्य भारत के आसपास बने निम्न दबाव क्षेत्र तथा मानसूनी सिस्टम की सक्रियता अहम मानी जा रही है। इसका असर अलग-अलग राज्यों में अलग तीव्रता से देखने को मिल सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में हल्की फुहारें, मॉनसून पड़ रहा कमजोर
राजधानी दिल्ली में आज हल्की बारिश और बूंदाबांदी का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।मौसम विभाग का कहना है कि 31 अगस्त तक दिल्ली में हल्की बारिश का सिलसिला बना रह सकता है, लेकिन अब मॉनसून राजधानी में कमजोर पड़ता दिख रहा है। अगले करीब 15 दिन तेज बारिश की संभावना फिलहाल कम बताई जा रही है।
मध्य प्रदेश में इन जिलों पर खास नजर
मध्य प्रदेश के लोगों के लिए यह खबर अहम है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। छतरपुर, दतिया, ग्वालियर, निवाड़ी, पन्ना, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली और टीकमगढ़ में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है। अगर आप इन जिलों में रहते हैं तो खेतों और निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बन सकती है, इसलिए सतर्क रहना ठीक रहेगा।
यूपी-बिहार में येलो अलर्ट, झारखंड में भी हलचल
उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता अभी बनी हुई है। तराई और बुंदेलखंड समेत कुल 29 जिलों में आज भारी बारिश की आशंका के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।बिहार भी इससे अछूता नहीं है। पूर्णिया, जहानाबाद, दरभंगा, भागलपुर, वैशाली, लखीसराय, मधुबनी, किशनगंज, बेगूसराय, सिवान और बक्सर में बारिश के साथ तेज आंधी चलने का अलर्ट है। झारखंड में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।
राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और छत्तीसगढ़ में भी सक्रिय मानसून
राजस्थान में मॉनसून अभी थमने का नाम नहीं ले रहा। राज्य के कई जिलों में बारिश के साथ आंधी चलने की आशंका जताई गई है। छत्तीसगढ़ के भी कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट है।कोंकण और गोवा में 31 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है, जबकि मध्य महाराष्ट्र में आज तेज बारिश हो सकती है। विदर्भ में 28 अगस्त तक कई जगह बारिश की संभावना है। गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में भी महीने के आखिर तक अलग-अलग स्थानों पर बादल बरस सकते हैं।
पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में बारिश थमने का नाम नहीं
पूर्वी भारत में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 28 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा में कल के साथ-साथ 28 से 30 अगस्त के बीच भी बारिश तेज होने की उम्मीद है।
अरुणाचल प्रदेश में आज भारी बारिश का अलर्ट है, वहीं असम और मेघालय में 28 से 31 अगस्त के बीच बारिश बढ़ सकती है। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तो अगस्त के बाकी बचे सभी दिनों में बारिश की संभावना जताई गई है।
दक्षिण भारत में भी झमाझम बारिश
केरल में आज भारी बारिश हो सकती है। तटीय कर्नाटक में 31 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आज गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है।
पहाड़ी राज्यों में येलो अलर्ट, फिसलन और भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड में बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, पिथौरागढ़, ऋषिकेश, हरिद्वार और टिहरी गढ़वाल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल प्रदेश में सोलन, कांगड़ा, ऊना, लाहौल-स्पीति, मंडी, कुल्लू और बिलासपुर जैसे इलाकों में तेज बारिश की आशंका है।
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, कुलगाम, अनंतनाग, जम्मू, मुजफ्फराबाद, रामबन, किश्तवार, बारामूला और राजौरी में भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के दौरान भूस्खलन और सड़कें बंद होने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए यात्रा से पहले ताजा अपडेट जरूर देख लें।
