Aaj Ka Mausam: मध्य प्रदेश में 4 सितंबर तक बारिश का दौर, यूपी-बिहार और ओडिशा में भी अलर्ट
Aaj Ka Mausam : अगस्त खत्म होने की ओर है, लेकिन मानसून की रफ्तार अभी थमती नजर नहीं आ रही। देश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है और मौसम विभाग ने अगले कई दिनों के लिए अलग-अलग राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। खासकर मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और उत्तराखंड के लोगों को मौसम पर नजर रखने की जरूरत है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 29 अगस्त के सुबह के बुलेटिन के मुताबिक, मध्य प्रदेश में आने वाले दिनों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश में 29-30 अगस्त और फिर 2-4 सितंबर के दौरान व्यापक बारिश की संभावना है। 29 अगस्त से 2 सितंबर के बीच यहां कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा है नया सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा के आसपास एक नया लो प्रेशर एरिया बनने की आशंका है. यह सिस्टम जितना मजबूत होगा, पूर्वी भारत में बारिश उतनी ही तेज हो सकती है. मतलब साफ है, मॉनसून अभी विदा होने के मूड में बिल्कुल नहीं है. अगले कुछ दिन देश के बड़े हिस्से के लिए भीगे-भीगे ही रहने वाले हैं.
दिल्ली वालों के लिए राहत की खबर
राजधानी दिल्ली में रहने वालों के लिए फिलहाल राहत भरी खबर है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है. आज दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
आसमान में आंशिक बादल जरूर छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की बूंदें फिलहाल गायब हैं. कल यानी 30 अगस्त को भी मौसम कुछ ऐसा ही बना रहने की उम्मीद है. दिलचस्प बात यह है कि IMD के अनुसार 03 सितंबर तक दिल्ली में बरसात की कोई गुंजाइश नहीं दिख रही.
यूपी में बौछारें, बिहार-झारखंड में सीधा अलर्ट
उत्तर प्रदेश की बात करें तो राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्से और आसपास के इलाके में लो प्रेशर एरिया सक्रिय है. इसी वजह से मॉनसून अभी भी यहां जोर पकड़े हुए है. पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में आज गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ सकती हैं. हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल राज्य में भारी बारिश की कोई विशेष चेतावनी नहीं है.
वहीं बिहार के कई जिलों के लिए आज भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी हुई है. झारखंड में भी हालात कुछ अलग नहीं हैं. यहां आज से लेकर 31 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट दिया गया है. दोनों राज्यों में प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
मध्य प्रदेश-राजस्थान में सतर्क रहने की जरूरत
मध्य प्रदेश और राजस्थान, दोनों राज्यों के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है. खेतों में काम करने वाले किसानों और बाहर निकलने वाले लोगों को खासतौर पर एहतियात बरतने की जरूरत है. छत्तीसगढ़ में भी बारिश थमने का नाम नहीं ले रही. यहां 03 सितंबर तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है. कई इलाकों में गरज के साथ अच्छी बारिश हो सकती है.
पंजाब के कई जिलों में भी आज भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है. कोंकण और गोवा में तो 03 सितंबर तक लगातार व्यापक बारिश होने की उम्मीद है. गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ के अलग-अलग इलाकों में भी बूंदाबांदी से लेकर तेज बारिश तक देखने को मिल सकती है.
Realised rainfall during past 24 hours at 0830 hrs IST of today 29 August 2026
— India Meteorological Department (@Indiametdept) August 29, 2026
#rainfall #Monsoon2026 pic.twitter.com/VtsDY6pmqG
पूर्वी और दक्षिण भारत में भी झमाझम बारिश का दौर
पूर्वी भारत की बात करें तो गंगीय पश्चिम बंगाल में 01 सितंबर तक भारी बारिश जारी रह सकती है. सिक्किम में भी बारिश की तीव्रता बनी रहने वाली है. ओडिशा में आज कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है, तो वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. दक्षिण भारत भी इससे अछूता नहीं है. तटीय कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु के कई इलाकों में आज गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
पहाड़ी राज्यों में आफत बनकर बरस सकती है बारिश
पहाड़ी इलाकों में मौसम का मिजाज सबसे ज्यादा तीखा दिख रहा है. उत्तराखंड के नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, उधमसिंह नगर, बागेश्वर और चंपावत जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है.
हिमाचल प्रदेश भी इस लिस्ट में शामिल है. यहां कांगड़ा, शिमला, सिरमौर, हमीरपुर, सोलन, कुल्लू, बिलासपुर और चंबा जिलों में जोरदार बारिश और आंधी की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है. जम्मू-कश्मीर के भी कई जिलों में आज तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है. पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का मतलब सिर्फ पानी नहीं, बल्कि भूस्खलन और सड़कें बंद होने का खतरा भी बढ़ जाता है,
