जबलपुर में 75 साल की मां से सड़क पर मारपीट, बेटे की हरकत कैमरे में कैद; पुलिस ने जांच शुरू की
Jabalpur News Today : जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र स्थित अशोक बिहार कॉलोनी से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने सड़क पर अपनी बुजुर्ग मां के साथ बेरहमी से मारपीट की। यह घटना 8 अगस्त, शनिवार को हुई, जब आरोपी राजू विश्वकर्मा शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी 75 वर्षीय मां को घसीटते हुए थप्पड़ मारने लगा। इस पूरी घटना का वीडियो अब सामने आ चुका है, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई है।
लगातार होती रही मारपीट
कॉलोनी में रहने वाले लोगो के अनुसार, राजू विश्वकर्मा का शराब पीकर मां के साथ मारपीट करना कोई नई बात नहीं है। उन्होंने बताया कि आरोपी अक्सर नशे की हालत में अपनी बुजुर्ग मां पर हाथ उठाता रहा है। पड़ोसियों का कहना है कि जब भी वे इस मामले में हस्तक्षेप कर आरोपी को समझाने की कोशिश करते हैं, तो वह उल्टा उन्हीं के साथ गाली-गलौच पर उतर आता है और जान से मारने की धमकी तक दे डालता है।
शनिवार को फिर हुई घटना, पड़ोसियों ने बनाया वीडियो सबूत
8 अगस्त को एक बार फिर वही स्थिति दोहराई गई। आरोपी नशे में घर लौटा और मां के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस बार पड़ोसियों ने घटना को नजरअंदाज करने के बजाय सीसीटीवी फुटेज की क्लिप जुटाई और उसे सबूत के तौर पर पुलिस को सौंप दिया, ताकि कार्रवाई में देरी न हो।
पुलिस पर उठे सवाल, पहले नहीं हुई कार्रवाई
इस मामले में सबसे गंभीर पहलू यह है कि स्थानीय निवासियों के अनुसार, इससे पहले भी कई बार रांझी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई जा चुकी थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने समय रहते संज्ञान नहीं लिया। पड़ोसियों का कहना है कि पुलिस की सुस्ती के चलते आरोपी के हौसले बढ़ते गए और वह लगातार अपनी मां को प्रताड़ित करता रहा।
सीएसपी का बयान: सख्त कार्रवाई का आश्वासन
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सीएसपी सतीष साहू ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह मामला अभी उनके संज्ञान में आया है और तुरंत पुलिस टीम को मौके पर भेजकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रशासन की ओर से भरोसा दिलाया गया है कि दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
