ट्रक और लोडिंग वाहन की भीषण भिड़ंत, 8 मजदूरों की मौत, 22 घायल - सभी यूपी के रहने वाले
MP Road Accident Today : भिंड जिले के गोहद इलाके में देर रात एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नेशनल हाईवे-719 पर छीमका गांव के पास ट्रक और मजदूरों से भरे लोडिंग वाहन की सीधी टक्कर हो गई। इस भिड़ंत में 8 लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए। घायलों में से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दोनों वाहन आपस में इस कदर उलझ गए कि राहगीरों और पुलिस को घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
धान रोपाई करके घर लौट रहे थे मजदूर
जानकारी के मुताबिक ये सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी और आसपास के गांवों के रहने वाले थे। ये लोग ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र के पास चिनौर गांव में धान रोपाई का काम करने गए हुए थे। काम खत्म होने के बाद सभी मजदूर लोडिंग वाहन में सवार होकर वापस अपने घर की तरफ निकले थे। रात करीब 12 बजे छीमका गांव के पास सामने से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक इस लोडिंग वाहन से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोडिंग वाहन में बैठे कई लोग वहीं दम तोड़ बैठे।
सड़क पर बैठी गायों को बचाने की कोशिश में हुआ हादसा
शुरुआती जांच में सामने आया है कि सड़क पर बैठी गायों को बचाने की कोशिश के दौरान यह हादसा हुआ। दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे, ऐसे में अचानक बचाव की कोशिश ने टक्कर को और भयानक बना दिया। पुलिस अब हादसे की असली वजह और दोनों वाहनों की रफ्तार की बारीकी से जांच कर रही है।
राहत कार्य में जुटी पुलिस और प्रशासन की टीम
हादसे की खबर मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में हाथ बंटाया और घायलों को वाहनों से निकालने में मदद की। डायल-108 की 5 एंबुलेंस और डायल-112 की मदद से सभी घायलों को गोहद के अस्पताल पहुंचाया गया।
जिन लोगों की हालत ज्यादा गंभीर थी, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्य से रास्ते में ही 3 और लोगों ने दम तोड़ दिया, जिससे मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ गया। पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि हादसे के वक्त दोनों वाहन किस रफ्तार से चल रहे थे और लापरवाही किसकी थी।
मृतकों के परिवार को 2-2 लाख की मदद
इस हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। इसे देखते हुए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। सरकार की तरफ से प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज और परिवारों तक मदद पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
