बैंक हड़ताल: SBI, PNB समेत बड़े बैंकों का बड़ा ऐलान, तीन दिन ATM से कैश निकालना हुआ मुफ्त
Bank Holiday September 2026 : अगर आपके पास इस हफ्ते बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो यह खबर आपके लिए है। देशभर के बैंक कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल पर जा रहे हैं। पांच दिन के कामकाज (Five Day Banking) समेत कई मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने यह हड़ताल बुलाई है।
इस हड़ताल से ग्राहकों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए बैंकों ने पहले ही राहत भरा कदम उठा लिया है। SBI, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और इंडियन बैंक जैसे बड़े सरकारी बैंकों ने ऐलान किया है कि इन तीन दिनों में ATM से पैसे निकालने पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा। यानी अगर आपकी महीने की मुफ्त ट्रांजैक्शन लिमिट खत्म भी हो चुकी है, तब भी 28 से 30 सितंबर तक आप बिना किसी चार्ज के जितनी बार चाहें कैश निकाल सकते हैं। आइए जानते हैं इस पूरे मामले की डिटेल।
किन बैंकों ने दी ग्राहकों को राहत
SBI ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से जानकारी दी है कि हड़ताल के दौरान देश के किसी भी बैंक के ATM से लेनदेन पर शुल्क नहीं लिया जाएगा। साथ ही ग्राहक YONO, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और व्हाट्सएप बैंकिंग जैसी सुविधाओं का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
पंजाब नेशनल बैंक ने भी 28 से 30 सितंबर तक ATM निकासी पर शुल्क माफ करने की घोषणा की है। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने बताया कि इस अवधि में किसी भी बैंक के ATM से लेनदेन पर कोई चार्ज नहीं कटेगा। वहीं इंडियन बैंक ने भी दूसरे बैंकों के ATM से कैश निकालने और कैश जमा करने पर शुल्क न लेने की जानकारी दी है। बैंक ऑफ बड़ौदा ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसी तरह की राहत का ऐलान किया है।
अभी कितना लगता है ATM चार्ज
आमतौर पर RBI के नियमों के मुताबिक, ग्राहकों को अपने बैंक के ATM से महीने में 5 मुफ्त लेनदेन मिलते हैं। वहीं दूसरे बैंकों के ATM पर मेट्रो शहरों में 3 और गैर-मेट्रो शहरों में 5 मुफ्त लेनदेन की सुविधा है। इस सीमा के पार जाने पर हर ट्रांजैक्शन पर करीब 23 रुपए और उस पर अलग से जीएसटी देना होता है। लेकिन हड़ताल वाले तीन दिनों में यह चार्ज पूरी तरह माफ रहेगा।
रविवार को भी खुले रहेंगे सरकारी बैंक
हड़ताल से ठीक पहले रविवार, 27 सितंबर को आम तौर पर बैंकों की साप्ताहिक छुट्टी होती है। लेकिन इस बार सरकार के निर्देश पर सभी सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार को भी खुले रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक ने इसके लिए बैंक शाखाओं, दफ्तरों और करेंसी चेस्ट को रविवार को चालू रखने की मंजूरी दी है। यह फैसला वित्त मंत्रालय और सरकारी बैंकों के प्रमुखों के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया।यानी जिन ग्राहकों को शाखा में जाकर कोई जरूरी काम निपटाना है, वे रविवार को यह काम पूरा कर सकते हैं, क्योंकि हड़ताल के तीन दिनों में शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहने की आशंका है।
हड़ताल पर हैं बैंक कर्मचारी
UFBU का सबसे बड़ा मुद्दा बैंकों में पांच दिन का कामकाज लागू करना है। इसके अलावा पेंशन से जुड़ी मांगें और पुरानी पेंशन व्यवस्था (OPS) लागू करने की मांग भी हड़ताल की वजहों में शामिल है। वित्त मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि सरकार ने अभी पांच दिन कामकाज की मांग पर कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई है। यूनियनों का कहना है कि मार्च 2024 के एक समझौते में भारतीय बैंक संघ (IBA) शनिवार की छुट्टी पर सहमत हुआ था, लेकिन इसे सरकार की मंजूरी मिलनी अभी बाकी है।
