Bhopal Car Accident News : भोपाल के बैरागढ़
इलाके में शनिवार रात करीब 9:30 बजे एक जन्मदिन की पार्टी उस समय खौफनाक हादसे में बदल गई, जब शराब के नशे में धुत चार युवकों ने अपनी तेज रफ्तार टोयोटा हाइराइडर कार से शहर की सड़कों पर मौत का तांडव मचाया। आरोपियों ने बैरागढ़ से लेकर मीनाल रेजीडेंसी तक करीब 12 किलोमीटर के दायरे में कई बाइक सवारों, ठेलों और राहगीरों को जोरदार टक्कर मारी। इस हादसे में एक पुलिस आरक्षक सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही तीन थानों की पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और पीछा करके कार सवार युवकों को गिरफ्तार किया।
पार्टी के बाद बदला कार का ड्राइवर और शुरू हुआ तांडव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सर्वा दुबे, आदित्य, तुषार खरे और संभव जायसवाल नाम के युवक शनिवार रात बैरागढ़ इलाके में एक बर्थडे पार्टी के लिए इकट्ठा हुए थे। पार्टी में अत्यधिक शराब पीने के बाद सभी युवक कार में सवार होकर निकले। शुरुआत में कार आदित्य चला रहा था, लेकिन भोपाल स्टेशन के पास उसने स्टीयरिंग सर्वा दुबे को सौंप दी। इसके बाद कार की रफ्तार बेकाबू हो गई। सर्वा दुबे ने लापरवाही से गाड़ी दौड़ाते हुए रास्ते में आने वाले ठेले, दोपहिया वाहनों और पैदल चल रहे लोगों को कुचलना शुरू कर दिया।
कीर्ति मेडिकल से मीनाल तक दहशत का माहौल
इस बेकाबू कार ने कीर्ति मेडिकल के पास से उत्पात मचाना शुरू किया। इसके बाद आरोपी अशोका गार्डन, अयोध्या नगर, कोलार रोड और मीनाल जैसे घने रिहाइशी इलाकों से होते हुए गुजरे। चश्मदीदों के मुताबिक, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। रास्ते में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस आरक्षक ने जब कार को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उसे भी टक्कर मार दी। इस पूरे घटनाक्रम में सड़कों पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
3 थानों की पुलिस ने किया पीछा, गुस्साई भीड़ से बचाया
कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही तीन थानों की पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई। पुलिस वाहनों ने करीब 10 से 12 किलोमीटर तक इस बेकाबू कार का पीछा किया। आखिरकार पुलिस ने मीनाल इलाके के पास कार को चारों तरफ से घेरकर रोक लिया। लगातार हुए एक्सीडेंट से गुस्साए हजारों स्थानीय लोगों ने तुरंत कार को घेर लिया और आरोपियों की पिटाई करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने सूझबूझ दिखाई और कानून-व्यवस्था बिगड़ने से पहले ही दो मुख्य आरोपियों को सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया, जबकि एक अन्य आरोपी के भीड़ का फायदा उठाकर फरार होने की आशंका है, जिसकी तलाश जारी है।