नरसिंहपुर में आज सीएम मोहन यादव,175 करोड़ के कामों की सौगात,जनिये कब आएंगे, कब लौटेंगे
Mohan Yadav Narsinghpur visit : नरसिंहपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज, रविवार 11 अक्टूबर को नरसिंहपुर में रहेंगे। इस दौरे में प्रदेश के निजी स्कूलों और जिले के लोगों दोनों के लिए बड़ी घोषणाएं हैं। मुख्यमंत्री यहां के कार्यक्रम से सिंगल क्लिक के जरिए शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत सत्र 2024-25 की फीस प्रतिपूर्ति के लिए 502 करोड़ रुपये जारी करेंगे। यह राशि प्रदेश के 20,456 अशासकीय स्कूलों को मिलेगी। इसका फायदा 8 लाख 19 हजार से ज्यादा बच्चों की निःशुल्क पढ़ाई से जुड़ा है।
जिले के लिए भी कार्यक्रम बड़ा है। मुख्यमंत्री 42.52 करोड़ रुपये की लागत से बने शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण करेंगे और स्कूल को मिली 15 बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ सड़क, शिक्षा, पेयजल और स्वास्थ्य से जुड़े 31 कामों का लोकार्पण और भूमिपूजन होगा, जिनकी कुल लागत 175.14 करोड़ रुपये है।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम: कब आएंगे, कब लौटेंगे
जारी दौरा कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:05 बजे भोपाल के स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे। वे सुबह 11:55 बजे नरसिंहपुर के खैरी में बने हेलीपेड पर पहुंचेंगे। स्थानीय कार्यक्रम के बाद दोपहर दो बजे वे खैरी हेलीपेड से भोपाल लौट जाएंगे।
RTE फीस प्रतिपूर्ति: निजी स्कूलों को क्या मिलेगा
RTE के तहत निजी स्कूलों में गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को निःशुल्क दाखिला मिलता है। इन बच्चों की फीस सरकार स्कूलों को लौटाती है, जिसे फीस प्रतिपूर्ति कहते हैं। शैक्षणिक सत्र 2024-25 की इसी प्रतिपूर्ति के लिए 502 करोड़ रुपये एक क्लिक से सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे। इससे प्रदेश के 20,456 स्कूलों को राशि मिलेगी।
80.70 करोड़ के कामों का लोकार्पण
पूरे हो चुके सड़क, स्कूल भवन और नल-जल योजनाओं के 10 कार्यों का लोकार्पण होगा। इनमें शामिल हैं:
सड़कें: गोटेगांव क्षेत्र में सिमरिया-चरगवां मार्ग से कुकलाह-सालीवाड़ा मार्ग (4.50 किमी, 3.49 करोड़ रुपये), बगासपुर-सहजपुर मार्ग से बकौरी तक 5 किमी सड़क (5.60 करोड़ रुपये)। तेंदूखेड़ा क्षेत्र में लिंगा (भौरझीर) से नर्मदाघाट मार्ग (0.98 करोड़ रुपये) और कोठिया से नर्मदाघाट मार्ग (3.71 करोड़ रुपये)।
स्कूल भवन: तेंदूखेड़ा विधानसभा के कल्याणपुर में 1.23 करोड़ रुपये से बना शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भवन।
नल-जल योजनाएं: चार विधानसभा क्षेत्रों के कुल 50 गांवों में। नरसिंहपुर के 10 गांवों में 5.83 करोड़, गोटेगांव के 20 गांवों में 9.20 करोड़, तेंदूखेड़ा के 12 गांवों में 5.15 करोड़ और गाडरवारा के 8 गांवों में 2.99 करोड़ रुपये की योजनाएं।
94.44 करोड़ के 21 कामों का भूमिपूजन
सड़कें (लोक निर्माण विभाग)
तेंदूखेड़ा: शक्ति शुगर मिल से बरैठा मार्ग (3.90 किमी) के लिए 3.95 करोड़ और ढोडा-केसला मार्ग (4.75 किमी) के लिए 7.38 करोड़ रुपये।
गाडरवारा: कोठिया से नोनिया मार्ग (2 किमी) के लिए 3.31 करोड़ और बनवारी पहुंच मार्ग के लिए 1.24 करोड़ रुपये।
गोटेगांव: बेदू-जमुनीया-कछवा-दौन मार्ग (5.80 किमी) के लिए 6.36 करोड़, खोबी-भैंसा-राकी मार्ग के लिए 6.07 करोड़, सिमरीबड़ी-बसखरवा-ठेमी मार्ग के लिए 3.19 करोड़ और ओल्ड बाबे रोड से खमरिया मार्ग के लिए 3.14 करोड़ रुपये।
नरसिंहपुर: उमरिया-पीपरहा मार्ग के लिए 5.37 करोड़ रुपये। तेंदूखेड़ा में पीएम कृषि हायर सेकेंडरी स्कूल बोहानी के पहुंच मार्ग के लिए 1.30 करोड़ रुपये।
स्वास्थ्य: तेंदूखेड़ा में 11.28 करोड़ रुपये से 30 बिस्तरों का नया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनेगा। परियोजना में दो एफ, दो जी और दो एच टाइप आवासगृह भी शामिल हैं।
छात्रावास: चीचली, बारहबड़ा और नरसिंहपुर में 50-50 सीटों वाले अनुसूचित जाति मैट्रिक बालक छात्रावास बनेंगे। हर छात्रावास के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं, यानी तीनों की कुल लागत 15 करोड़ रुपये है।
कॉलेज और स्कूल:
साईंखेड़ा महाविद्यालय भवन में 0.73 करोड़ रुपये से बाउंड्रीवाल बनेगी।
गाडरवारा के शासकीय महाराणा प्रताप पीजी महाविद्यालय में 2.37 करोड़ रुपये से दूसरी मंजिल का विस्तार, मुख्य द्वार, गार्ड रूम, बाउंड्रीवाल और सीसी रोड का काम होगा।
हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष और प्रयोगशालाएं बनेंगी: गाडरवारा के 15 स्कूलों में 9.49 करोड़, गोटेगांव के 5 स्कूलों में 4.30 करोड़, तेंदूखेड़ा के 5 स्कूलों में 4.09 करोड़ और नरसिंहपुर के 4 स्कूलों में 3.31 करोड़ रुपये। चांवरपाठा, चीचली और गोटेगांव में 5 शासकीय माध्यमिक शालाओं के नए भवनों के लिए 2.55 करोड़ रुपये।
सांदीपनि विद्यालय का नया भवन
नरसिंहपुर का यह चार मंजिला भवन 42.52 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री (भवन) के जरिए बना है। इसमें 2,400 विद्यार्थी पढ़ सकते हैं।
कक्षाएं और हॉल: ब्लॉक-ए, ब्लॉक-बी, मिडिल स्कूल और 340 लोगों की क्षमता वाला मल्टीपरपज हॉल। भू-तल पर 8 कक्षाएं, पहली मंजिल पर 16, दूसरी पर 26 और तीसरी पर 12 कक्षाएं हैं।
गतिविधि कक्ष: भू-तल पर आर्ट एंड क्राफ्ट, डांस और म्यूजिक रूम।
लैब और पुस्तकालय: कंप्यूटर, साइंस, मैथ्स और वोकेशनल लैब। तीसरी मंजिल पर जीव विज्ञान, रसायन और भौतिकी की प्रयोगशालाएं। पुस्तकालय के लिए अलग कक्ष है।
प्रशासनिक कक्ष: प्राचार्य और उप प्राचार्य कक्ष, मीटिंग हॉल, स्टाफ रूम, रिकॉर्ड रूम, परीक्षा कक्ष और काउंसलर रूम।
सुविधाएं: हर मंजिल पर बालक, बालिका और दिव्यांगजनों के लिए प्रसाधन, साथ ही पेयजल और बिजली की व्यवस्था।
खेल और परिसर: बाहरी खेल मैदान, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट, सीसी रोड, लैंडस्केपिंग, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और नालियां। सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल, गार्ड रूम और दो मुख्य द्वार बनाए गए हैं।

