MP में आसमान से आफत: 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, सागर संभाग में 200 MM तक पानी गिरने के आसार
Bhopal weather update : मध्य प्रदेश में बादल इस बार जमकर बरस रहे हैं। पूर्वी हिस्से में मौसम प्रणाली इतनी मजबूत हो गई है कि कई जिलों में हालात बाढ़ जैसे बन गए हैं। डिंडौरी, पन्ना, रीवा, सतना और छतरपुर में सड़कों पर पानी भर गया है, नदियां उफान पर हैं और आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई है।
नर्मदा और मंदाकिनी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। कई गांवों का शहरों से संपर्क कट गया है। प्रशासन ने राहत-बचाव टीमें मौके पर भेज दी हैं, लेकिन बारिश का जोर देखकर साफ है कि अभी दो-तीन दिन और परेशानी बनी रहेगी।
शुक्रवार को 16 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर समेत कुल 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों में इन जिलों में 4 से 8 इंच तक यानी करीब 100 से 200 MM बारिश हो सकती है।
जिन जिलों में यह अलर्ट लागू है, उनमें ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, दमोह, पन्ना, सीधी और सिवनी भी शामिल हैं। मौसम विभाग का कहना है कि सागर संभाग में इस दौर की सबसे ज्यादा बारिश दर्ज हो सकती है।
भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत बाकी जिलों का हाल
राजधानी भोपाल के साथ-साथ सीहोर, राजगढ़, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, मंदसौर, शाजापुर, देवास और रतलाम में भी बादल बरसते रहेंगे। यहां बारिश का असर हल्के से मध्यम स्तर का बताया जा रहा है।
इसके अलावा बैतूल, हरदा, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। यानी प्रदेश का शायद ही कोई हिस्सा बचा है, जहां बादल राहत दे रहे हों।
मऊगंज में नदी का कहर, मजदूर बहा
मऊगंज में अष्टभुजा नदी उफान पर आ गई, जिससे नईगढ़ी गांव में बाढ़ का पानी भर गया। अमृत योजना के तहत निर्माण कार्य में लगे चार मजदूर वहीं फंस गए। इनमें से एक मजदूर तेज बहाव में बह गया और करीब दो घंटे तक जिंदगी बचाने के लिए मदद की गुहार लगाता रहा। उमरिया से भी एक बुजुर्ग के बाढ़ में बह जाने की खबर सामने आई है।
डिंडौरी और पन्ना में स्कूलों की छुट्टी
बिगड़ते हालात को देखते हुए डिंडौरी में आंगनवाड़ी से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रखे गए। खरमेर नदी का पानी पुल के ऊपर तक पहुंच गया, जिसके चलते प्रशासन को डिंडौरी-मंडला स्टेट हाईवे को पूरी तरह बंद करना पड़ा।
पन्ना जिले में भी एहतियात के तौर पर 12वीं तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई। जिन इलाकों में पानी का बहाव तेज है, वहां प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास न जाने की सख्त हिदायत दी है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 21 अगस्त की सुबह से 22 अगस्त की सुबह तक छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, सीधी, सिवनी, पन्ना, दमोह और सागर में भारी बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
साप्ताहिक मौसम परिचर्चा (20.08.2026)#WeatherUpdate #RainfallForecast #IndiaWeather #Monsoon2026 #heavyrain #ThunderstormAlerthttps://t.co/3XtjlbbsWC
— India Meteorological Department (@Indiametdept) August 20, 2026
22 से 23 अगस्त के बीच रायसेन, नर्मदापुरम, दतिया, भिंड, सिंगरौली, सीधी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और पांढुर्णा में भारी बारिश का असर रहेगा। इसके बाद 23 से 24 अगस्त तक ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी बनी रहेगी।
इस बार मानसून का पूरा हिसाब क्या कहता है
मध्य प्रदेश में इस सीजन मानसून की चाल थोड़ी असंतुलित रही है। 1 जून से 17 अगस्त 2026 के बीच प्रदेश में सामान्य से करीब 11 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है। अब तक करीब 21.4 इंच यानी 544.4 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जबकि इस समय तक औसतन 24.4 इंच यानी 618.8 मिलीमीटर बारिश हो जानी चाहिए थी।
