Sports News Without Access, Favor, Or Discretion!

  1. Home
  2. Latest Big News

खाली घर, टूटा ताला और लाखों की चोरी,ACP परिवार की रातों की नींद उड़ी

Bhopal Crime News

Mp Big News,Bhopal Crime News : शहर में एक पुलिस अधिकारी के घर ही चोरी की वारदात सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। कोलार थाना क्षेत्र के डीके-2 इलाके में ट्रैफिक ACP विजय दुबे के घर को चोरों ने निशाना बनाया। वारदात के वक्त ACP मुख्यमंत्री की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे, जबकि उनके परिजन भी घर पर मौजूद नहीं थे।

बताया जा रहा है कि बदमाश घर से करीब 6 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर ले गए। शुरुआती जांच में चोरी की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी जा रही है। हालांकि, चोरी गए जेवरों और सामान की पूरी कीमत का आकलन पुलिस की जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही स्पष्ट होगा।

घर खाली था, तभी बदमाशों ने बनाया निशाना

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय ACP विजय दुबे मुख्यमंत्री की VIP सुरक्षा ड्यूटी में थे। परिवार के सदस्य उज्जैन गए हुए थे, जिसके चलते घर खाली था। बदमाश कथित तौर पर कार से इलाके में पहुंचे। उन्होंने पहले घर के बाहरी गेट का ताला तोड़ा और इसके बाद अंदर के गेट का लॉक तोड़कर मकान में प्रवेश किया। घर के अंदर पहुंचने के बाद चोरों ने कमरों और अलमारियों को खंगाला। जिस जगह उन्हें नकदी और कीमती सामान मिला, उसे अपने साथ ले गए।

देर रात घर पहुंचे ACP, तब सामने आई वारदात

चोरी का पता तब चला जब ACP ड्यूटी से लौटकर देर रात अपने घर पहुंचे। घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घर में रखे करीब 6 लाख रुपये कैश गायब मिले। बताया गया है कि यह रकम ACP द्वारा लिए गए करीब 20 लाख रुपये के पर्सनल लोन में से बची राशि थी। इसके अलावा घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी नहीं मिले। इनमें परिवार के सदस्यों के साथ-साथ भाई-भाभी और ससुराल पक्ष के लोगों के जेवर भी शामिल होने की बात सामने आई है।

null


DVR भी साथ ले गए बदमाश

इस मामले में सबसे अहम बात घर में लगे CCTV कैमरों से जुड़ी है। बताया जा रहा है कि बदमाश घर में लगे कैमरों की मौजूदगी से परिचित थे और जाते समय CCTV का DVR भी अपने साथ ले गए। हालांकि, आसपास लगे दूसरे मकानों के कैमरे पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकते हैं। पड़ोसी घर के CCTV फुटेज में संदिग्ध कार से कुछ लोगों के आने-जाने की जानकारी सामने आई है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और फिंगरप्रिंट समेत अन्य संभावित साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे, वे किस वाहन से आए थे और चोरी के बाद किस रास्ते से फरार हुए।