Sports News Without Access, Favor, Or Discretion!

  1. Home
  2. Latest Big News

एमपी में फिर बरसे बदरा, 12 जिलों में अलर्ट, टीकमगढ़-पन्ना में 8 इंच तक बारिश का खतरा

MP monsoon update August 2026

MP monsoon update August 2026 :  मध्य प्रदेश में बारिश ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। कई इलाकों में बादल सक्रिय हैं और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। खासकर पूर्वी मध्य प्रदेश में मौसम ज्यादा बिगड़ सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 19 अगस्त के अपडेट के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश में 19 और 20 अगस्त को बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में 20 अगस्त से बारिश और गरज-चमक का दौर तेज हो सकता है।

टीकमगढ़, पन्ना, नरसिंहपुर में सबसे ज्यादा असर

मौसम विभाग के मुताबिक टीकमगढ़, पन्ना और नरसिंहपुर जिलों में सबसे तेज बारिश होने की आशंका जताई गई है. इन जिलों में अगले 24 घंटे के भीतर 4 से 8 इंच तक पानी बरस सकता है. यानी अगर आप इन इलाकों में रहते हैं, तो घर से निकलने से पहले एक बार मौसम जरूर देख लें.

जबलपुर सहित प्रदेश के 12 जिलों में भी तेज बारिश की संभावना है. यहां ढाई से 4 इंच तक बारिश दर्ज हो सकती है. लगातार हो रही बारिश की वजह से निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा बढ़ गया है. नदी-नालों का जलस्तर भी तेजी से ऊपर जा सकता है. इसी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और लगातार मौसम अपडेट लेते रहने की अपील की है.

पूर्वी मध्य प्रदेश पर  ज्यादा असर

इस समय बारिश का असर पूर्वी मध्य प्रदेश में ज्यादा दिखाई दे रहा है। IMD के अनुसार, मौजूदा मौसम प्रणाली के कारण प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। 18 अगस्त को भी पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश दर्ज की गई थी।

यही वजह है कि पन्ना, सतना, रीवा, शहडोल, जबलपुर, नरसिंहपुर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम पर लगातार नजर रखना जरूरी है। एक ही जिले में भी बारिश का असर हर जगह समान नहीं होता। किसी इलाके में तेज बारिश हो सकती है तो कुछ किलोमीटर दूर केवल हल्की फुहार पड़ सकती है।

बरगी डैम के खोले गए 9 गेट

जबलपुर में हो रही लगातार बारिश का असर अब बरगी बांध पर भी साफ दिखने लगा है. नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद बांध प्रबंधन ने 9 गेट खोल दिए हैं. गेट खुलने से निचले इलाकों में पानी का बहाव और तेज हो सकता है, इसलिए नर्मदा किनारे बसे गांवों और शहरों के लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने साफ कहा है कि लोग नदी, नाले और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें. अनुमान है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश का यह दौर जारी रह सकता है.

20-21 अगस्त: किन जिलों में कितना अलर्ट

सागर, टीकमगढ़, विदिशा, दतिया, भिंड, सतना, कटनी, पन्ना, दमोह, छतरपुर, निवाड़ी, मैहर, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल और छिंदवाड़ा जिलों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश हो सकती है, साथ ही गरज-चमक के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं.


भोपाल, सीहोर, राजगढ़, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है.

19-20 अगस्त का हाल

नरसिंहपुर, पन्ना, टीकमगढ़, रायसेन, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, शहडोल, जबलपुर, मंडला, दमोह, सागर, छतरपुर और कटनी जिलों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश दर्ज हुई, साथ ही तेज हवाओं का भी असर देखने को मिला.

भोपाल, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना,विदिशा, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम,रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, श्योपुरकलां, सिंगरौली, अनूपपुर, उमरिया, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलीं.