मध्यप्रदेश के 15+ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए आपके जिले का मौसम
MP Weather Update : सावन का महीना इस बार मध्यप्रदेश पर पूरी तरह मेहरबान नजर आ रहा है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है और अब मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए एक और बड़ा अपडेट जारी किया है। अगर आप मध्यप्रदेश में रहते हैं तो छाता और रेनकोट फिलहाल अपने पास ही रखें, क्योंकि जुलाई के आखिरी दिन और अगस्त की शुरुआत तेज बारिश के साथ होने वाली है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कई इलाकों में तेज गरज-चमक के साथ करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल बने डीप डिप्रेशन और मानसूनी सिस्टम की वजह से मध्यप्रदेश में बारिश का दौर अभी कुछ दिन और जारी रहेगा।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हुआ डीप डिप्रेशन पश्चिम और उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। यही सिस्टम पूर्वी, मध्य और दक्षिणी मध्यप्रदेश में नमी लेकर आ रहा है। इसके कारण कई जिलों में लगातार बादल बने हुए हैं और अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग का मानना है कि इस सिस्टम का असर कम से कम अगले पांच दिनों तक देखने को मिल सकता है। यही वजह है कि जुलाई के आखिरी दो दिन और अगस्त के शुरुआती सप्ताह में प्रदेश के बड़े हिस्से में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।
29 जुलाई से शुरू हुए ताजा पूर्वानुमान में बालाघाट, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा और सिवनी जैसे जिलों में कहीं-कहीं अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं सीहोर, बैतूल, हरदा, देवास, जबलपुर, नरसिंहपुर, दमोह, सागर, छतरपुर और पांढुर्णा सहित कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा, सतना, विदिशा, शाजापुर, मंदसौर, नीमच, शिवपुरी, रतलाम, धार, खरगोन, खंडवा और प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 30 जुलाई तक कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 31 जुलाई को पश्चिमी मध्यप्रदेश के झाबुआ, धार और रतलाम में बारिश और तेज हो सकती है। वहीं उज्जैन संभाग, नर्मदापुरम संभाग और मालवा-निमाड़ के कई जिलों में भी अच्छी बारिश के संकेत हैं।
1 अगस्त तक भी मौसम पूरी तरह सक्रिय रहेगा। राजगढ़, अलीराजपुर, गुना और अशोकनगर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, जबलपुर, सागर, बालाघाट, मंडला, रीवा, सतना, शहडोल और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
