लो भैया, दवा के साथ दारू,अब ठेके पर भी चेकअप शुरू! सागर में शराब से पहले बीपी-शुगर चेक तीन दिन में 417 लोगों की जांच
- सागर जिले में पिछले तीन दिनों में 417 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
- स्वास्थ्य विभाग ने करीब 300 नियमित और अत्यधिक शराब पीने वालों को चिह्नित किया है।
- डॉक्टर खून के नमूने लेकर लिवर और किडनी की कार्यक्षमता की जांच कर रहे हैं।
- स्वास्थ्य विभाग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें लोगों को शराब छोड़ने की सलाह दे रही हैं।
मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद जिला प्रशासन ने बीते तीन दिनों में शराब की दुकानों पर स्वास्थ्य जांच और काउंसलिंग अभियान चलाया है। डॉक्टर नियमित और अधिक शराब पीने वालों के ब्लड सैंपल लेकर लिवर-किडनी की जांच कर रहे हैं, ताकि बीमारी के संकेत पकड़े जा सकें।
आमतौर पर शराब की दुकान के बाहर लोगों को बोतल खरीदने के लिए लाइन में खड़े देखा जाता है, लेकिन सागर में इन दिनों नजारा कुछ अलग है। यहां शराब की दुकान के आसपास डॉक्टर और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी नजर आ रही है। डॉक्टर लोगों से उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछ रहे हैं, जांच कर रहे हैं और शराब के दुष्परिणाम समझा रहे हैं।
इस अनोखी पहल की वजह भी गंभीर है। जिले के बंडा क्षेत्र में सितंबर में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद प्रशासन ने शराब का अत्यधिक सेवन करने वाले लोगों की स्वास्थ्य स्थिति का पता लगाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया।

कलेक्टर दिलीप यादव के निर्देश पर शुरू हुआ अभियान
सागर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें इस अभियान में जुटी हैं। इसका मुख्य उद्देश्य ऐसे लोगों की पहचान करना है, जो लंबे समय से नियमित रूप से शराब का सेवन कर रहे हैं और जिनकी सेहत पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है।
प्रशासन ने इस काम में शराब दुकानों के संचालकों की भी मदद ली है। उनसे ऐसे नियमित ग्राहकों की जानकारी जुटाई गई है, जो रोजाना शराब खरीदने आते हैं या कई बार दुकान खुलने से पहले ही वहां पहुंच जाते हैं।
इन लोगों की पहचान होने के बाद मेडिकल टीम दुकानों के आसपास स्वास्थ्य शिविर लगा रही है। यहां आने वाले लोगों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ खून के नमूने भी लिए जा रहे हैं। डॉक्टर जांच के आधार पर उन्हें आगे इलाज कराने और शराब छोड़ने की सलाह दे रहे हैं।
गजब का सिस्टम है मध्य प्रदेश में अस्पतालों में मरीजों को डॉक्टर मिलें या न मिलें, लेकिन शराब के ठेके पर पहुंचते ही मेडिकल जांच की पूरी व्यवस्था मौजूद है। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना में शराब खरीदने से पहले लोगों का ब्लड टेस्ट और ब्लड प्रेशर चेक किया जा रहा है। अगर जांच में गंभीर बीमारी सामने आई तो शराब देने से इनकार कर दिया जाएगा। मतलब, इलाज के लिए अस्पतालों के चक्कर काटिए, लेकिन शराब खरीदने जाइए तो स्वास्थ्य विभाग जैसी सुविधाएं हाजिर हैं! वाह रे व्यवस्था https://t.co/vOoEN3qwV8
— Priya singh (@priyarajputlive) November 24, 2026
तीन दिन में 417 लोगों की जांच, 300 लोगों की अलग सूची
इस अभियान को लेकर 25 नवंबर को प्रकाशित नईदुनिया की रिपोर्ट में महत्वपूर्ण आंकड़े सामने आए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले तीन दिनों में सागर, बीना, बंडा, खुरई, देवरी, केसली और गौरझामर में कुल 417 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है।
इसके अलावा आबकारी विभाग ने जिले में करीब 300 ऐसे लोगों की सूची तैयार की है, जो अत्यधिक शराब का सेवन करते हैं। इनमें से कई लोग दुकानों पर स्वास्थ्य जांच कराने से बच रहे हैं। कुछ लोग खुद को स्वस्थ बताकर जांच कराए बिना ही वहां से निकल जाते हैं।
