जबलपुर बरेला हादसा: 5 मजदूरों को कुचलने वाला आरोपी लखन सोनी गिरफ्तार, पुणे भागने की फिराक में था
जबलपुर बरेला थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर काम कर रहे मजदूरों को अपनी तेज रफ्तार कार से रौंदने वाले मुख्य आरोपी लखन सोनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 18 जनवरी को हुए इस भीषण हादसे में 5 मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि 11 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। आरोपी पिछले कई दिनों से फरार था और पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं।
कटनी से पुणे भागने की थी योजना
पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि आरोपी लखन सोनी कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए राज्य छोड़ने की योजना बना रहा है। वह कटनी रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था और पुणे जाने की फिराक में था। जबलपुर क्राइम ब्रांच और बरेला पुलिस ने संयुक्त रूप से जाल बिछाया। जैसे ही ट्रेन जबलपुर स्टेशन पहुंची, पुलिस ने बोगी की घेराबंदी कर उसे टिकट सहित धर दबोचा। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि हादसे के वक्त कार लखन सोनी ही चला रहा था। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार को पहले ही जब्त कर लिया था। कार मालिक और आरोपी के भाई दीपक सोनी से हुई पूछताछ के बाद लखन के मुख्य आरोपी होने की पुष्टि हुई थी।आधिकारिक बयान और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।"आरोपी लखन सोनी ट्रेन के जरिए पुणे भागने की कोशिश कर रहा था। मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच और गौर चौकी की टीम ने उसे जबलपुर स्टेशन पर ट्रेन के भीतर से ही गिरफ्तार किया। उस पर गैर-इरादतन हत्या सहित मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है।" टेकचंद शर्मा, प्रभारी, गौर पुलिस चौकी
