Sports News Without Access, Favor, Or Discretion!

  1. Home
  2. Latest Big News

Jabalpur News: रेलवे स्टेशन पर 299 पाव अवैध शराब जब्त, नरसिंहपुर का युवक गिरफ्तार

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा गया 23 वर्षीय अर्जुन धीमर, शराब सप्लाई के नेटवर्क की जांच में जुटी जीआरपी
Jabalpur News

 

जबलपुर। त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर चल रही सघन चेकिंग के दौरान जीआरपी जबलपुर ने अवैध शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी है। प्लेटफॉर्म नंबर 2 के पास बोरी में शराब लेकर खड़े एक युवक को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। उसके कब्जे से देशी प्लेन और मसाला शराब के कुल 299 पाव बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत 26 हजार 24 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, 11 अक्टूबर को जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत स्टेशन पर प्लेटफॉर्म चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर 2 के पास एक व्यक्ति अवैध शराब से भरी बोरियां लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान 23 वर्षीय अर्जुन धीमर के रूप में हुई, जो नरसिंहपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के देवरी कला का रहने वाला है। तलाशी लेने पर उसके पास से देशी मदिरा प्लेन के 199 पाव और देशी मदिरा मसाला के 100 पाव बरामद हुए। आरोपी शराब से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद जीआरपी ने शराब जब्त कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34/2 के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने शराब लाने और आगे पहुंचाने के संबंध में कुछ लोगों के नाम बताए हैं। अब जीआरपी यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी, किसे सौंपी जानी थी और इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

यह कार्रवाई रेल पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशुतोष मिश्रा और उप पुलिस अधीक्षक अंकिता सुल्या के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के निर्देशन में की गई। जीआरपी का कहना है कि त्योहारों को देखते हुए रेलवे परिसर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।