Sports News Without Access, Favor, Or Discretion!

  1. Home
  2. Latest Big News

नरसिंहपुर की रहने वाली कविता चौधरी को 70 लाख के बीमा के लिए पति ने रची खौफनाक साजिश

प्यार में बगावत, मंदिर में शादी और फिर पैसों के लालच में मौत का खेल जबलपुर से सामने आया हैरान करने वाला मामला।
Jabalpur Crime News

Jabalpur Crime News:  मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों और इंसानियत पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। यहाँ एक पति ने महज 70 लाख रुपये के बीमा क्लेम (Insurance Policy) के लालच में अपनी ही पत्नी की हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली। हैरानी की बात यह है कि पति ने इस साजिश को सड़क हादसे का रूप देने के लिए पेशेवर अंदाज में पूरी प्लानिंग की थी। मृतका कविता चौधरी एलआईसी (LIC) में एजेंट के तौर पर काम करती थीं और उनके नाम पर लाखों की बीमा पॉलिसी थी।

 

इस सनसनीखेज मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी पति प्रयास पांडे और मानसिंह अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं और उनकी तलाश तेजी से जारी है।

फेसबुक पर मुलाकात से लेकर मंदिर में ब्याह तक की कहानी

यह पूरा मामला जबलपुर जिले के पाटन पुलिस थाना क्षेत्र का है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, साल 2022 में प्रयास पांडे की मुलाकात नरसिंहपुर की रहने वाली कविता चौधरी से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत बढ़ी, जो बाद में प्यार में बदल गई।

चूंकि दोनों अलग-अलग जातियों से ताल्लुक रखते थे, इसलिए उनके परिवारों ने इस रिश्ते का कड़ा विरोध किया। परिवार और समाज के दबाव के बावजूद प्रयास और कविता ने एक-साथ जीने-मरने का फैसला किया और साल 2024 में मंदिर में जाकर गुपचुप तरीके से शादी कर ली। शादी के बाद दोनों पाटन क्षेत्र के आमा हिनौता गांव में एक किराये के मकान में रहने लगे थे।

एलआईसी पॉलिसी और 5 लाख की सुपारी का खौफनाक खेल

शादी के कुछ वक्त बाद जब परिवार और समाज के लोगों को दोनों के एक साथ रहने की बात पता चली, तो प्रयास पर कविता से छुटकारा पाने का दबाव बनने लगा। कविता एलआईसी एजेंट थीं और उनके नाम पर 70 लाख रुपये की बड़ी बीमा पॉलिसी थी। वहीं, आरोपी पति प्रयास पांडे खुद स्टांप वेंडर का काम करता था। पैसों के लालच और परिवार के दबाव में आकर पति ने अपनी ही पत्नी को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बना लिया।योजना के तहत, पति प्रयास ने रामजी चौधरी, विक्रम चौधरी और धनीराम चौधरी को इस वारदात को अंजाम देने के लिए चुना और इसके एवज में 5 लाख रुपये की सुपारी तय की।

सड़क हादसे की शक्ल देने के लिए चार बार किया गया रीक्रिएशन

घटना के दिन कविता किसी निजी काम से अपनी स्कूटी लेकर घर से निकली थीं और जबलपुर रोड की ओर जा रही थीं। जैसे ही वह कंतोरा गांव के पास पहुँचीं, पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने एक पिकअप वाहन से उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गईं। इसके बाद आरोपियों ने जानबूझकर पिकअप उनके ऊपर चढ़ा दी, जिससे कविता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी पति प्रयास चाहता था कि यह पूरी घटना एक सामान्य सड़क हादसा लगे, ताकि किसी को शक न हो। इस खौफनाक साजिश को पूरी परफेक्शन के साथ अंजाम देने के लिए आरोपियों ने वारदात से पहले चार बार इसका रीक्रिएशन (रिहर्सल) भी किया था। फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।