इश्क़... इंतकाम... और कत्ल! इश्क़ में अंधी हुई मोहब्बत, पति की जान पर आ बनी!
Madhya Pradesh latest news : भाई साहब, इंदौर में एक और ऐसा किस्सा सामने आया है, जिसे सुनकर रूह कांप जाए। अभी राजा रघुवंशी हत्याकांड की चर्चा थमी नहीं थी, कि बड़गोंदा से एक और खौफनाक वारदात की खबर आ गई। यहां भी वही पुरानी कहानी दोहराई गई पत्नी, प्रेमी, और रास्ते से हटाया गया पति।
मामला महू के बड़गोंदा थाना इलाके का है। यहां आशापुरा की निरगी कॉलोनी में रहने वाले 46 साल के मजदूर राजू बामनिया की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, इस साजिश के पीछे कोई और नहीं, बल्कि खुद उसकी पत्नी आरती और उसका प्रेमी संतोष चौहान थे।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरती पिछले करीब एक साल से अपने पति को छोड़कर प्रेमी संतोष के साथ रहने लगी थी। राजू बार-बार उसे मनाने की कोशिश करता रहा, लेकिन बात नहीं बनी।
घटना वाली रात राजू अपनी पत्नी से मिलने फार्म हाउस पहुंचा। वहां आरती और संतोष पहले से मौजूद थे। तीनों ने साथ बैठकर शराब भी पी। इसी दौरान अचानक विवाद खड़ा हो गया।
आरोप है कि संतोष ने पास रखी लोहे की सरिया उठाई और राजू के सिर पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने से राजू की मौके पर ही मौत हो गई।
शव छोड़कर फरार हुआ था प्रेमी जोड़ा
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दंपती-जोड़ी शव को वहीं छोड़कर फरार हो गई थी। शुरुआत में पुलिस को यह मामला सामान्य मौत जैसा लगा, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो कहानी की परतें खुलती चली गईं।

बड़गोंदा पुलिस ने सुराग जुटाकर आरती और संतोष दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया, ऐसा पुलिस का कहना है। हत्या में इस्तेमाल हुआ लोहे का हथियार भी आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया है।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है कि हत्या पहले से सुनियोजित थी या फिर बहस के दौरान अचानक भड़के गुस्से का नतीजा। अदालत में चार्जशीट पेश होने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
अकेला मामला नहीं है यह
इंदौर और आसपास के इलाकों में बीते कुछ हफ्तों में इस तरह के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। राजा रघुवंशी हत्याकांड में भी पत्नी सोनम पर प्रेमी के साथ मिलकर सुपारी किलर से पति की हत्या कराने का आरोप है। वह मामला अभी भी पुलिस जांच के दायरे में है।
इसी तरह इंदौर के संयोगितागंज इलाके में डाक विभाग में तैनात एक महिला की हत्या के मामले में पति पर ही आरोप लगा था, जो बाद में खुद संदिग्ध हालात में मृत मिला। हर मामला अलग है, वजहें अलग हैं, लेकिन धागा एक ही जगह जुड़ता दिख रहा है टूटते रिश्ते और बढ़ता अविश्वास।
