Sports News Without Access, Favor, Or Discretion!

  1. Home
  2. Latest Big News

Madhya Pradesh News : शादी के जोड़े में थाने पहुंची दुल्हन, वजह जान उड़ जाएंगे होश


Madhya Pradesh News : आमतौर पर शादी के बाद दुल्हन की विदाई होती है और वह अपने नए घर की ओर रवाना हो जाती है। लेकिन मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में एक ऐसा मामला सामने आया जिसने सभी को चौंका दिया। यहां एक नवविवाहिता लाल जोड़ा पहने, हाथों में मेहंदी लगाए अपनी विदाई से पहले सीधे पुलिस थाने पहुंच गई। दुल्हन का आरोप था कि सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने वाली संस्था ने शादी से पहले जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया गया। इनमें मोटरसाइकिल और गृहस्थी का सामान देने का दावा भी शामिल था। दुल्हन ने साफ कहा कि जब तक वादा किया गया सामान नहीं मिलेगा, तब तक वह ससुराल नहीं जाएगी। जानकारी के अनुसार, डबरा में ईशानी शिक्षा एवं जनकल्याण समिति द्वारा सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया था। सम्मेलन में शामिल होने वाले जोड़ों को मोटरसाइकिल समेत गृहस्थी का आवश्यक सामान देने का आश्वासन दिया गया था। परिजनों का आरोप है कि संस्था ने पंजीयन के नाम पर कन्या पक्ष और वर पक्ष दोनों से 10-10 हजार रुपये भी लिए थे। इसी भरोसे के साथ कई परिवार इस आयोजन का हिस्सा बने थे। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद जब विदाई का समय आया तो दुल्हन पक्ष ने संस्था से वादा किया गया सामान मांगा। आरोप है कि इस दौरान आयोजकों ने टालमटोल शुरू कर दी। परिजनों का कहना है कि कुछ समय बाद संस्था से जुड़े लोग मौके से चले गए। जब संस्था के अध्यक्ष और अन्य जिम्मेदार लोगों से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनके फोन भी नहीं लगे। इससे परिवार को शक हुआ कि उनके साथ धोखा हुआ है। स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर दुल्हन लवली वाल्मीकि ने खुद आगे आने का फैसला किया। वह अपने परिजनों के साथ डबरा सिटी थाने पहुंची और पुलिस से शिकायत की। थाने पहुंची दुल्हन की तस्वीरें और वीडियो इलाके में चर्चा का विषय बन गए। आमतौर पर जहां शादी के बाद दुल्हन की विदाई की तस्वीरें सामने आती हैं, वहीं यहां दुल्हन पुलिस से न्याय की मांग करती नजर आई। दुल्हन लवली वाल्मीकि ने बताया कि गोलू नरवरिया नाम के व्यक्ति ने रंग महल गार्डन से पंजीयन के नाम पर 10 हजार रुपये लिए थे। साथ ही सामूहिक विवाह सम्मेलन के माध्यम से शादी कराने और मोटरसाइकिल सहित गृहस्थी का सामान देने का वादा किया गया था। लवली के अनुसार, विदाई का समय आते ही संबंधित व्यक्ति वहां से चला गया और उसका फोन भी बंद हो गया। उन्होंने कहा कि उनकी केवल यही मांग है कि जो वादा किया गया था, उसे पूरा किया जाए। यही वजह रही कि शादी होने के बावजूद उनकी विदाई नहीं हो सकी और उन्हें शिकायत लेकर थाने पहुंचना पड़ा। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने आयोजकों से भी संपर्क किया। मौके पर मौजूद एसडीओपी सौरव कुमार ने शिकायत पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, थाना प्रभारी संजय शर्मा के अनुसार, आयोजकों ने बताया कि वादा किया गया सामान समय पर उपलब्ध नहीं हो पाया था, इसलिए उसका वितरण नहीं हो सका। पुलिस की बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई है।