Sports News Without Access, Favor, Or Discretion!

  1. Home
  2. Latest Big News

दुबई में मध्य प्रदेश की बड़ी छलांग: 53 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव, अब बदलेगी प्रदेश की तस्वीर

दुबई से मध्यप्रदेश के लिए बड़ी निवेश खबर! ₹53 हजार करोड़ से ज्यादा के प्रस्ताव, राणा होल्डिंग्स का ₹35,200 करोड़ का प्लान और AI-ग्रीन एनर्जी पर बड़ा फोकस। क्या MP बनेगा अगला बड़ा निवेश हब?
Mohan Yadav Dubai visit

Mp Big News , Mohan Yadav Dubai visit : मध्यप्रदेश को ग्लोबल निवेश के नक्शे पर मजबूत करने की कोशिशों के बीच दुबई दौरे से बड़ी उपलब्धि सामने आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने AIM Congress-2026 के दौरान कई निवेशकों और उद्योग समूहों से वन-टू-वन बातचीत की। इन बैठकों के बाद प्रदेश में ग्रीन एनर्जी, AI, डेटा सेंटर, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और अन्य क्षेत्रों में ₹53 हजार करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं। हालांकि, यहां एक जरूरी बात समझना भी जरूरी है। ये फिलहाल निवेश प्रस्ताव हैं, यानी इनका जमीन पर उतरना आगे होने वाली प्रक्रिया, मंजूरियों और परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर निर्भर करेगा।

दुबई में बनी यह बड़ी डील

बात दुबई में चल रही AIM कांग्रेस-2026 की है. इस आयोजन के तीसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़े निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से सीधे मुलाकात की. ताज दुबई में हुई इन बैठकों में इंफ्रास्ट्रक्चर, हेल्थ, एजुकेशन, टूरिज्म, टेक्नोलॉजी और एनर्जी सेक्टर के दिग्गज शामिल हुए.

सीएम ने हर निवेशक से वन-टू-वन बातचीत की. उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में उद्योग लगाने के लिए किस तरह की नीतियां और सुविधाएं मौजूद हैं. यही वजह रही कि बैठक खत्म होते-होते कई ग्लोबल कंपनियां प्रदेश में पैसा लगाने के लिए तैयार हो गईं.

राणा होल्डिंग्स का सबसे बड़ा दांव

इन तमाम प्रस्तावों में सबसे बड़ा नाम राणा होल्डिंग्स का है. कंपनी ने अकेले ₹35,200 करोड़ के निवेश का वादा किया है. खास बात यह है कि इस रकम का बड़ा हिस्सा सोलर पावर और ग्रीन हाइड्रोजन प्रोजेक्ट्स में लगेगा. अगर यह निवेश जमीन पर उतरता है, तो मध्य प्रदेश देश के प्रमुख क्लीन एनर्जी हब में शामिल हो सकता है. सोलर एनर्जी और ग्रीन हाइड्रोजन सेक्टर में यह बढ़त राज्य की औद्योगिक तस्वीर को पूरी तरह बदल सकती है


₹18 हजार करोड़ की AI फैक्ट्री पर भी चर्चा

दुबई से सामने आई दूसरी बड़ी जानकारी AI सेक्टर से जुड़ी है। एक अन्य कंपनी ने मध्यप्रदेश में करीब ₹18,000 करोड़ के 50 मेगावॉट AI फैक्ट्री प्रोजेक्ट का कॉन्सेप्ट रखा है। इसे भविष्य में 100 मेगावॉट से ज्यादा तक बढ़ाने की संभावना बताई गई है।यानी इस दौरे में निवेश का फोकस केवल पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं रहा। AI और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर भी मध्यप्रदेश की निवेश रणनीति का अहम हिस्सा बनकर सामने आए हैं।


नौकरियों की उम्मीद क्यों बढ़ी

निवेश और नौकरियां हमेशा साथ-साथ चलती हैं. अगर दुबई में मिले ये प्रस्ताव वास्तव में प्रदेश में लागू होते हैं, तो हजारों युवाओं के लिए नए रोजगार के दरवाजे खुल सकते हैं. खासकर सौर ऊर्जा और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे उभरते सेक्टर में स्किल्ड और अनस्किल्ड दोनों तरह की नौकरियां बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.

अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली पहचान

इस दौरे की एक और बड़ी उपलब्धि रही मध्य प्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPIDC) को मिला सम्मान. MPIDC को प्रतिष्ठित AIM इन्वेस्टमेंट्स अवार्ड्स 2026 से नवाजा गया, जो यह दिखाता है कि प्रदेश के औद्योगिक प्रयासों को अब वैश्विक मंच पर भी पहचान मिल रही है.


2027 के लिए भी बड़ा न्यौता

सीएम मोहन यादव ने इस मौके को सिर्फ मौजूदा बैठकों तक सीमित नहीं रखा. उन्होंने दुबई में मौजूद सभी उद्योगपतियों को 2027 में भोपाल में होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होने का न्यौता भी दिया. यानी यह दौरा आगे और भी बड़े निवेश की जमीन तैयार कर सकता है.