Sports News Without Access, Favor, Or Discretion!

  1. Home
  2. Latest Big News

निर्माणाधीन शुगर मिल में बड़ा हादसा: 40 फीट की ऊंचाई से गिरने से मजदूर की मौत, परिजनों ने लगाए लापरवाही के गंभीर आरोप

गाडरवारा के सोकलपुर के पास निर्माणाधीन शुगर मिल में 40 फीट की ऊंचाई से गिरकर मजदूर राजू वर्मा की मौत। परिजनों ने मिल मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया।
Breaking News Narsinghpur

Breaking News Narsinghpur : गाडरवारा सोकलपुर के पास एक निर्माणाधीन गन्ना शुगर मिल में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करीब 40 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरने से आमगांवछोटा निवासी मजदूर राजू वर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घायल अवस्था में मजदूर को तुरंत गाडरवारा शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों की पोल खोल दी है।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है। परिजनों ने मिल मालिक और प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि काम के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के लिए किसी भी तरह के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे। न तो ऊंचाई पर काम करने के लिए सेफ्टी बेल्ट दी गई थी और न ही अन्य सुरक्षा उपकरण मुहैया कराए गए थे। प्रबंधन की इसी अनदेखी ने एक हंसते-खेते इंसान की जान ले ली।

युवक की मौत से गुस्साए परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने कड़ा रुख अपनाया है। परिजनों ने ऐलान किया है कि शव के पोस्टमार्टम के बाद गाडरवारा में मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया जाएगा। वे मिल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं। इस संभावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद हो गई है, ताकि स्थिति को नियंत्रित रखा जा सके।