Monsoon Update : जबलपुर से ग्वालियर तक झमाझम, 24 जिलों पर बारिश का साया गहराया
Monsoon Update : मध्यप्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। रविवार को प्रदेश के 24 जिलों में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है। इनमें से 14 जिलों को अति भारी बारिश की श्रेणी में रखा गया है, जबकि 10 जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी हुई है।
जबलपुर, विंध्य और बुंदेलखंड के इलाके इस बार निशाने पर हैं। साथ ही ग्वालियर-चंबल संभाग के भी तीन जिले अति भारी बारिश की जद में आ गए हैं। सिर्फ बारिश ही नहीं, हवा भी प्रदेश को हिलाने वाली है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन समेत करीब 29 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
दरअसल, इस पूरे मौसमी बदलाव के पीछे दो सिस्टम काम कर रहे हैं। दक्षिण-पश्चिम मध्यप्रदेश और सटे हुए दक्षिण-पूर्वी राजस्थान पर साइक्लोन सर्कुलेशन बना हुआ है, वहीं पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन अब कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल चुका है और उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है।
इन जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन जिलों में सबसे ज्यादा सतर्कता बरतने को कहा है, उनमें दतिया, भिंड, सीधी, रीवा, सतना, उमरिया, कटनी, जबलपुर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी शामिल हैं। यहां रहने वालों को अगले कुछ घंटे संभलकर बिताने होंगे।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, सिंगरौली, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, नरसिंहपुर, मंडला, सागर और मैहर में भारी बारिश का अलर्ट है। ग्वालियर-चंबल के लोगों को खास तौर पर जलभराव और यातायात बाधित होने की स्थिति के लिए तैयार रहना चाहिए।
भोपाल-इंदौर समेत कई शहरों में तेज आंधी का खतरा
राजधानी भोपाल के साथ-साथ विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, आलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, श्योपुरकलां, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट और पांढुर्णा में तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा।गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है, इसलिए खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना जरूरी है।
डिंडौरी सबसे भीगा जिला, आंकड़े चौंकाने वाले
पिछले 24 घंटों का हिसाब देखें तो रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग के ज्यादातर जिलों में जमकर पानी बरसा। ग्वालियर-चंबल में भी कई जगह बारिश दर्ज हुई। सबसे ज्यादा बारिश डिंडौरी में हुई, जहां 191.8 मिलीमीटर पानी गिरा। इसके बाद अमरकंटक में 148 मिमी, पचमढ़ी में 143.2 मिमी, गाडरवारा में 136 मिमी और नरसिंहपुर में 128.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
तापमान में रतलाम आगे, पचमढ़ी सबसे ठंडा
गर्मी के मामले में रतलाम ने बाजी मारी, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं ठंडक के लिहाज से पचमढ़ी सबसे आगे रहा, जहां न्यूनतम तापमान महज 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक तापमान में कोई बड़ा उलटफेर होने की संभावना नहीं है। हां, बारिश और गरज-चमक का सिलसिला अगले 24 घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में जारी रह सकता है।
