Sports News Without Access, Favor, Or Discretion!

  1. Home
  2. Latest Big News

चलती कार बनी आग का गोला, पुलिसकर्मियों ने जान जोखिम में डालकर बचाई चालक की जिंदगी

Indore breaking news

 

Indore breaking news : चोइथराम मंडी के पास शनिवार को कुछ ऐसा हुआ, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं. सड़क पर सरपट दौड़ रही एक कार अचानक आग के गोले में बदल गई. कुछ ही सेकंड में लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया, और अंदर फंसा था एक युवक, जिसकी जान बचाने की हर सेकंड कीमती थी.

कैसे हुआ हादसा

घटना इंदौर के चोइथराम मंडी इलाके की है. एक रिट्ज कार चलती हालत में थी, तभी उसमें अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि ड्राइविंग सीट पर बैठा युवक गाड़ी के अंदर ही फंस गया. बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा था, और आग हर पल और भड़कती जा रही थी. राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही यातायात थाना जोन-4 के प्रभारी सुमित बिलोनिया अपनी टीम के साथ मौके की ओर दौड़ पड़े.

कांच तोड़कर बचाई जान

मौके पर पहुंचते ही पुलिस टीम ने समय गंवाए बिना काम शुरू कर दिया. प्रभारी सुमित बिलोनिया, आरक्षक विजय, प्रधान आरक्षक कमल और एएसआई जे.पी. तिवारी ने मिलकर बिना अपनी जान की परवाह किए कार का शीशा तोड़ा और अंदर फंसे युवक को बाहर निकाला. तब तक चालक बुरी तरह झुलस चुका था. पुलिसकर्मियों ने रुके नहीं और तुरंत मौके पर ही प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया. उन्होंने घायल युवक को सीपीआर देना शुरू किया, ताकि उसकी सांसें बनी रहें.

लोडिंग रिक्शा बना एंबुलेंस

उस वक्त एंबुलेंस का इंतजार करना जान पर भारी पड़ सकता था. इसलिए पुलिस टीम ने पास ही मिले एक लोडिंग रिक्शे की मदद ली और घायल युवक को तुरंत चोइथराम अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में जांच के दौरान सामने आया कि युवक करीब 40 प्रतिशत तक झुलस चुका है. फिलहाल वह गंभीर हालत में है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.

आग में जले नोट, पुलिस ने भी बुझाई लपटें

हादसे में सिर्फ इंसानी जान ही खतरे में नहीं थी. जानकारी के मुताबिक, कार के अंदर रखे कुछ नोट भी आग की चपेट में आकर जल गए. वहीं पुलिस टीम ने चालक को बचाने के साथ-साथ गाड़ी में लगी आग को बुझाने का काम भी किया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बचाया जा सका.

डीसीपी ने की टीम की तारीफ

इस पूरी घटना के बाद यातायात डीसीपी ने थाना प्रभारी सुमित बिलोनिया और उनकी पूरी टीम की सराहना की. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने जिस तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया, वह वाकई तारीफ के काबिल है.