MP News : गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, तीन युवकों की डूबने से मौत
MP News : अनंत चतुर्दशी की खुशियां बदनावर में मातम में तब्दील हो गईं। गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले तीन युवकों की डोलची रोड स्थित बागेड़ी डैम में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब तीनों दोस्त प्रतिमा को जल में प्रवाहित करने पहुंचे थे।
खबर फैलते ही बदनावर शहर के साथ-साथ आसपास के गांवों में भी शोक छा गया। स्थानीय लोग हादसे की जगह और सिविल अस्पताल की तरफ दौड़ पड़े। मृतकों में सभी की उम्र महज 18 से 20 साल के बीच थी।
विसर्जन के दौरान अचानक गहरे पानी में चले गए तीनों दोस्त
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक अपने अन्य साथियों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए डोलची रोड स्थित पोखर (बागेड़ी डैम) पहुंचे थे। प्रतिमा को पानी में प्रवाहित करते समय तीनों तय जगह से आगे निकल गए और पानी की गहराई का अंदाज़ा न लगा पाने के कारण डूबने लगे।
धार की एएसपी पारुल वेलापुरकर ने बताया कि तीनों तय विसर्जन स्थल से करीब 500 मीटर आगे निकल गए थे। इसी दौरान एक युवक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए बाकी दो दोस्त पानी में उतरे, लेकिन तीनों ही डूब गए।
स्थानीय लोगों ने निकाला बाहर, अस्पताल में मृत घोषित
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत तीनों को पानी से बाहर निकालने का प्रयास किया और उन्हें बदनावर के सिविल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान सुभाष मार्ग निवासी पवन उर्फ कान्हा (पिता भंवरलाल राठौड़, उम्र 19 वर्ष), सरस्वती कॉलोनी निवासी राहुल (पिता मुकेश प्रजापत, उम्र 20 वर्ष) और उसी कॉलोनी के निहाल (पिता मुकेश भांभी) के रूप में हुई है।
प्रशासन मौके पर पहुंचा, परिजनों से मिलकर दिलाया ढांढस
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन रोते-बिलखते सिविल अस्पताल पहुंचे। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में शहरवासियों और जनप्रतिनिधियों की भीड़ जमा हो गई।
तहसीलदार सुरेश नागर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की, उन्हें सांत्वना दी और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कराई।
