Sports News Without Access, Favor, Or Discretion!

  1. Home
  2. Latest Big News

MP News: धरमपुरी थाने में अचानक मचा हड़कंप, महिला ने खुद को आग लगाई; दो पुलिसकर्मी घायल

MP News

MP News: धार जिले के धरमपुरी से सोमवार को सामने आई घटना ने पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा दिया। पारिवारिक विवाद को लेकर थाने पहुंची महिला ने अचानक खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। देखते ही देखते थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

महिला को बचाने के लिए पुलिसकर्मी तुरंत आगे बढ़े। इस दौरान धरमपुरी थाने के सब इंस्पेक्टर अतुल जोशी समेत दो पुलिसकर्मी भी आग की चपेट में आ गए और उनके हाथ झुलस गए। घटना के बाद महिला को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।

पहले हुई बहस, फिर हुआ हादसा

घटना धरमपुरी थाने की है। यहां दीपिका ठाकुर नाम की महिला अपने पारिवारिक विवाद को लेकर पुलिस के पास पहुंची थी। पुलिस के मुताबिक थाने में मौजूद रहते हुए दीपिका ने पहले पुलिसकर्मियों से तीखी बहस की और अभद्रता भी की। इसी बीच अचानक उसने खुद पर आग लगा ली, जिससे थाने में अफरा-तफरी मच गई।

बचाने के दौरान पुलिसकर्मी भी झुलसे

आग लगते ही थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए महिला को बचाने की कोशिश शुरू कर दी। इस दौरान धरमपुरी थाने के सब इंस्पेक्टर अतुल जोशी और एक अन्य पुलिसकर्मी आग की लपटों की चपेट में आ गए। दोनों के हाथ झुलस गए, जिसके बाद उनका भी इलाज कराया गया।

महिला को तुरंत धरमपुरी के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक दीपिका करीब 13 प्रतिशत तक जली है और फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

जमीन और पैसों के लेनदेन का पुराना विवाद

घटना की खबर मिलते ही धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा और एडिशनल एसपी विजय डावर मौके पर पहुंच गए। एडिशनल एसपी विजय डावर ने बताया कि दीपिका ठाकुर और उसके पति काशिफ का उसके परिजनों के साथ लंबे समय से पैसों के लेनदेन और जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। यही विवाद इस पूरे घटनाक्रम की जड़ बताया जा रहा है।

पहले भी दे चुकी है आत्महत्या की धमकी

पुलिस के अनुसार दीपिका का व्यवहार पहले भी विवादों से जुड़ा रहा है। बताया जा रहा है कि वह इससे पहले भी पानी की टंकी और मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या करने की कोशिश कर चुकी है। समय-समय पर वह विभिन्न तरह की धमकियां भी देती रही है। रविवार को भी दीपिका और उसके पति काशिफ थाने पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक दोनों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की, जिसके तुरंत बाद दीपिका ने खुद को आग के हवाले कर दिया।

पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, जांच शुरू

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दीपिका के पति काशिफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर थाने के भीतर हालात इतने बिगड़े कैसे कि नौबत आगजनी तक पहुंच गई।