MPPSC Main Exam 2026 : 12 जिलों में परीक्षा, 3775 अभ्यर्थी होंगे शामिल, एडमिट कार्ड जारी, जानें पूरा शेड्यूल और जरूरी नियम
MPPSC Main Exam 2026 : मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए अब इंतजार का दौर खत्म हो गया है। MPPSC State Service Main Exam 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले 3775 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था कर दी गई है। परीक्षा प्रदेश के 12 प्रमुख शहरों में आयोजित होगी।
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम 7 सितंबर से 12 सितंबर 2026 तक निर्धारित किया गया है। आयोग के परीक्षा कैलेंडर और उपलब्ध परीक्षा कार्यक्रम के मुताबिक अभ्यर्थियों को छह अनिवार्य प्रश्नपत्रों की परीक्षा देनी होगी।
कब और कितने पदों के लिए होगी परीक्षा
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 7 सितंबर से शुरू होकर 12 सितंबर तक चलेगी। यह परीक्षा कुल 156 पदों के लिए आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेशभर से 3775 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
पदों के आरक्षण की बात करें तो इनमें 41 पद सामान्य वर्ग के लिए, 20 पद अनुसूचित जाति के लिए, 33 पद अनुसूचित जनजाति के लिए, 42 पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए और 20 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी ईडब्ल्यूएस के लिए आरक्षित हैं। परीक्षा में बैठने वाले 3775 अभ्यर्थियों को भी आयोग ने दो श्रेणियों में बांटा है। इनमें से 3044 अभ्यर्थी मुख्य श्रेणी से हैं, जबकि 731 अभ्यर्थी प्राविधिक श्रेणी में शामिल हैं।
एडमिट कार्ड कब से होंगे डाउनलोड
अगर आपने भी इस परीक्षा के लिए फॉर्म भरा है, तो एक बड़ी अपडेट आपके लिए यह है कि सोमवार से आप आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे प्रवेश पत्र डाउनलोड करते ही उसमें दर्ज सभी जानकारी, जैसे नाम, फोटो, परीक्षा केंद्र और रोल नंबर, ध्यान से जांच लें। किसी भी तरह की गड़बड़ी होने पर समय रहते आयोग से संपर्क करना बेहतर रहेगा।
12 जिलों में बनाए गए सेंटर, हर केंद्र पर रहेगा आब्जर्वर
परीक्षा को पारदर्शी और सुचारू तरीके से कराने के लिए आयोग ने इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर सहित प्रदेश के 12 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए हैं। खास बात यह है कि हर एक केंद्र पर आयोग की तरफ से एक आब्जर्वर तैनात किया जाएगा। यह आब्जर्वर परीक्षा से जुड़ी हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रखेगा, ताकि परीक्षा में किसी तरह की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।
छह पेपर, तीन घंटे की परीक्षा
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा में कुल छह प्रश्न पत्र होंगे। इनमें पहले चार प्रश्न पत्र सामान्य अध्ययन के होंगे। पांचवां प्रश्न पत्र सामान्य हिंदी का रहेगा, जबकि छठा और आखिरी प्रश्न पत्र हिंदी निबंध और प्रारूप लेखन पर आधारित होगा। हर पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू होकर दोपहर एक बजे तक चलेगी, यानी अभ्यर्थियों को हर पेपर के लिए तीन घंटे का समय मिलेगा। आयोग ने साफ निर्देश दिया है कि अभ्यर्थियों को सुबह 8:30 से 9 बजे के बीच अनिवार्य रूप से परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। देरी से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलना मुश्किल हो सकता है, इसलिए समय का खास ध्यान रखना जरूरी है।
एंट्री से पहले होगी तीन लेयर की सख्त जांच
इस बार आयोग ने सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर खास इंतजाम किए हैं। हर परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को तीन स्तर की जांच से गुजरना होगा। पहले चरण में अभ्यर्थियों को अपना एडमिट कार्ड और फोटो पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। इसके बाद दूसरे चरण में मेटल डिटेक्टर की मदद से यह जांचा जाएगा कि किसी अभ्यर्थी के पास मोबाइल फोन या कोई अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस तो नहीं है। तीसरे और आखिरी चरण में बायोमैट्रिक तकनीक के जरिए अभ्यर्थी के चेहरे का मिलान उसके रिकॉर्ड से किया जाएगा।
इस तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था का मकसद परीक्षा में नकल और फर्जीवाड़े पर पूरी तरह लगाम लगाना है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा केंद्र पर कोई भी प्रतिबंधित सामान लेकर न जाएं, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
मूल्यांकन में लगेंगे 30 दिन, अक्टूबर में आएगा रिजल्ट
परीक्षा खत्म होने के बाद आयोग की अगली प्राथमिकता उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगी। अधिकारियों के मुताबिक, आयोग ने इस पूरी प्रक्रिया को 30 दिन के भीतर निपटाने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद अक्टूबर महीने में राज्य सेवा मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित किया जाएगा। जो अभ्यर्थी इस परीक्षा में सफल होंगे, उन्हें अगले चरण यानी साक्षात्कार यानी इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अंतिम चयन सूची जारी होगी।
