आयुष्मान योजना में लापरवाही पड़ी भारी, मध्य प्रदेश के83 अस्पतालों पर कार्रवाई, 18 ब्लैकलिस्ट, 3.13 करोड़ का जुर्माना
MP Ayushman Hospital Action : मध्य प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज कर रहे अस्पतालों की मनमानी अब सरकार को बर्दाश्त नहीं है. भोपाल सहित प्रदेश के 83 अस्पतालों पर योजना में गड़बड़ी सामने आने के बाद सख्त कार्रवाई की गई है. राज्य सरकार ने साफ कर दिया है कि गरीब और जरूरतमंद मरीजों के इलाज में लापरवाही करने वाले अस्पतालों को अब किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा.
किन अस्पतालों पर हुई कितनी कार्रवाई
जांच में सामने आया कि कई अस्पताल बार-बार चेतावनी देने के बावजूद अपनी व्यवस्था सुधारने को तैयार नहीं थे. ऐसे 15 अस्पतालों को फिलहाल योजना से निलंबित कर दिया गया है.
वहीं 18 अस्पतालों की गड़बड़ी इतनी गंभीर पाई गई कि उन्हें सीधे डी-एम्पैनल कर ब्लैकलिस्ट की सूची में डाल दिया गया. इसका मतलब है कि ये अस्पताल अब आयुष्मान भारत योजना के तहत किसी भी मरीज का इलाज नहीं कर पाएंगे. इसके अलावा 50 अस्पतालों पर आर्थिक जुर्माना लगाकर सुधार का एक और मौका दिया गया है.
भोपाल में सबसे ज्यादा असर
राजधानी भोपाल की स्थिति इस पूरी कार्रवाई में खासा ध्यान खींच रही है. जुर्माना झेलने वाले 50 अस्पतालों में से 25 अस्पताल अकेले भोपाल के हैं. भोपाल के इन अस्पतालों में से 4 का डी-एम्पैनलमेंट किया गया, 8 को सस्पेंड किया गया और 13 पर सीधे आर्थिक दंड लगाया गया. भोपाल के अस्पतालों पर कुल मिलाकर करीब 2 करोड़ 11 लाख 91 हजार 492 रुपए की पेनल्टी लगाई गई है.
कितना बड़ा है कुल जुर्माना
अगर पूरे प्रदेश की बात करें तो 50 अस्पतालों पर कुल 3 करोड़ 13 लाख 79 हजार 311 रुपए का जुर्माना ठोका गया है. यह आंकड़ा बताता है कि योजना के तहत गड़बड़ी का दायरा सिर्फ भोपाल तक सीमित नहीं, बल्कि प्रदेशभर में फैला हुआ था.
