मध्य प्रदेश में TET को लेकर नई गाइडलाइन, इन डेढ़ लाख शिक्षकों पर परीक्षा की तलवार, इन्हें मिलेगी राहत
Mp Big News,MP TET Guideline 2026 : मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए यह हफ्ता बड़ी खबर लेकर आया है। राज्य सरकार ने शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET को लेकर लंबे समय से चली आ रही उलझन खत्म करते हुए साफ गाइडलाइन जारी कर दी है।
इस फैसले का सीधा असर करीब डेढ़ लाख सेवारत शिक्षकों पर पड़ने वाला है, जिन्होंने अब तक यह परीक्षा पास नहीं की है। कई शिक्षक तो सालों से क्लास ले रहे हैं, लेकिन योग्यता का यह प्रमाणपत्र उनके पास नहीं है।
दरअसल पूरा मामला सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले से जुड़ा है। 1 सितंबर 2025 को कोर्ट ने साफ कहा था कि जिन शिक्षकों ने पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की, उन्हें तय समय सीमा में यह परीक्षा पास करनी होगी। इसी आदेश के बाद मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल हरकत में आया और नियमपुस्तिका तैयार की गई।
किन शिक्षकों को देनी होगी परीक्षा
नियमपुस्तिका के अनुसार यह परीक्षा खासतौर पर उन सेवारत शिक्षकों के लिए है जो शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत आते हैं और कक्षा आठवीं तक पढ़ाते हैं। इसमें सहायक शिक्षक, प्राथमिक शिक्षक, सहायक अध्यापक, संविदा शाला शिक्षक वर्ग-3, प्रयोगशाला सहायक और विज्ञान विषय के प्राथमिक शिक्षक शामिल हैं। खासतौर पर 1998 से 2009 के बीच नियुक्त हुए शिक्षकों को यह परीक्षा देना जरूरी बताया गया है।
इन शिक्षकों को मिलेगी राहत
हर किसी को परीक्षा में बैठने की जरूरत नहीं है। जिन शिक्षकों की रिटायरमेंट में पांच साल से कम समय बचा है, उन्हें इस परीक्षा से छूट दी गई है। यानी जो शिक्षक अगले कुछ वर्षों में सेवानिवृत्त होने वाले हैं, उन पर यह नियम लागू नहीं होगा। शिक्षक संगठनों की मांग है कि विभाग हर साल और हर संवर्ग के हिसाब से अलग सूची जारी करे, ताकि किसे परीक्षा देनी है और किसे छूट मिली है, यह पूरी तरह साफ हो सके।


परीक्षा कब होगी और डेडलाइन क्या है
पहले परीक्षा की तारीख 12 अक्टूबर 2026 तय की गई थी, जो दो पालियों सुबह 10 से 12:30 बजे और दोपहर 3 से 5:30 बजे में होनी थी। अब खबर है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल इस परीक्षा को दिसंबर 2026 में दो बार, दसवीं-बारहवीं बोर्ड परीक्षा की तरह ऑफलाइन और लिखित तरीके से करा सकता है।
परीक्षा केंद्र ब्लॉक स्तर पर बनाए जाने की योजना है। शिक्षकों को हर विषय के पेपर के लिए 1000 रुपये फीस के साथ पोर्टल शुल्क अलग से देना होगा। सबसे अहम बात यह है कि सभी पात्र शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 तक यह परीक्षा पास करनी ही होगी, वरना नौकरी पर सीधा असर पड़ सकता है।

