अगर आप OPPO K14x 5G खरीदने की
योजना बना रहे थे, तो आपके लिए एक जरूरी अपडेट है। ओपो ने अपने बजट 5जी स्मार्टफोन OPPO K14x 5G की कीमत में सीधा 3,000 रुपये का इजाफा कर दिया है। फरवरी में लॉन्च हुआ यह स्मार्टफोन बड़ी बैटरी, 50MP कैमरा और दमदार रैम क्षमता की वजह से बजट सेगमेंट में काफी चर्चा में रहा था। लेकिन अब इसकी नई कीमतों ने इसे पहले की तुलना में महंगा बना दिया है। कंपनी की ओर से जारी किए गए नए प्राइस अपडेट के बाद फोन के सभी मेमोरी वेरिएंट्स की कीमत बढ़ गई है। इसका मतलब है कि अब इस डिवाइस को खरीदने के लिए ग्राहकों को पहले से अधिक खर्च करना पड़ेगा।
OPPO K14x 5G की नई कीमतें
OPPO K14x 5G भारतीय बाजार में तीन स्टोरेज वेरिएंट्स में उपलब्ध है। लॉन्च के समय इसका बेस मॉडल 4GB RAM और 64GB स्टोरेज के साथ 12,999 रुपये में पेश किया गया था। अब इसी वेरिएंट की कीमत बढ़कर 15,999 रुपये हो गई है। इसी तरह 4GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले मॉडल की लॉन्च कीमत 14,999 रुपये थी। 3,000 रुपये की बढ़ोतरी के बाद अब यह वेरिएंट 17,999 रुपये में उपलब्ध होगा। फोन का सबसे बड़ा वेरिएंट 6GB RAM और 128GB स्टोरेज के साथ लॉन्च हुआ था, जिसकी शुरुआती कीमत 16,999 रुपये थी। नई कीमत लागू होने के बाद इसे खरीदने के लिए अब 19,999 रुपये खर्च करने होंगे। कीमत बढ़ने के बाद यह स्मार्टफोन अब उन डिवाइसेज की सूची से बाहर हो गया है जिन्हें आमतौर पर “5G फोन अंडर 15000” श्रेणी में रखा जाता था।
OPPO K14x 5G के स्पेसिफिकेशन्स
OPPO K14x 5G एंड्रॉयड 16 आधारित ColorOS पर काम करता है। फोन में प्रोसेसिंग के लिए 6nm फैब्रिकेशन पर बना MediaTek Dimensity 6300 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है। कंपनी के अनुसार यह चिपसेट रोजमर्रा के कामों के साथ मल्टीटास्किंग और 5जी कनेक्टिविटी को संभालने में सक्षम है। 91मोबाइल्स की टेस्टिंग में इस डिवाइस ने 565,613 का AnTuTu स्कोर हासिल किया था। बेहतर परफॉर्मेंस और सिस्टम ऑप्टिमाइजेशन के लिए फोन में Trinity Engine का सपोर्ट भी मौजूद है।
120Hz डिस्प्ले और IP64 रेटिंग
स्मार्टफोन में 6.75 इंच की HD+ डिस्प्ले दी गई है जिसका रिजॉल्यूशन 1570 × 720 पिक्सल है। पंच-होल डिजाइन वाली यह LCD स्क्रीन 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है। इसके अलावा 256ppi पिक्सल डेंसिटी और 1125 निट्स पीक ब्राइटनेस का भी सपोर्ट मिलता है। फोन को IP64 रेटिंग मिली हुई है, जो इसे धूल और पानी के हल्के प्रभावों से सुरक्षा प्रदान करती है। यानी अगर कभी बारिश की कुछ बूंदें स्क्रीन पर गिर जाएं, तो घबराने की जरूरत नहीं है।
50MP कैमरा और Dual-View Video फीचर
फोटोग्राफी के लिए OPPO K14x 5G में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें f/2.2 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा मौजूद है, जिसके साथ 2 मेगापिक्सल का सेकेंडरी सेंसर मिलता है। फोन में Dual-View Video मोड भी दिया गया है। यह फीचर खासतौर पर उन यूजर्स के लिए उपयोगी हो सकता है जो व्लॉगिंग या क्रिएटिव वीडियो रिकॉर्डिंग करते हैं।सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए स्मार्टफोन में 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
6500mAh बैटरी बनी सबसे बड़ी ताकत
इस स्मार्टफोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 6,500mAh बैटरी है। कंपनी का दावा है कि एक बार फुल चार्ज होने के बाद फोन आराम से पूरे दिन का बैकअप देने में सक्षम है। चार्जिंग के लिए इसमें 45W SUPERVOOC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है। इसके अलावा Reverse Charging फीचर भी मिलता है, जिससे जरूरत पड़ने पर दूसरे डिवाइस भी चार्ज किए जा सकते हैं।