Sports News Without Access, Favor, Or Discretion!

  1. Home
  2. Latest Big News

रायसेन जेल में कैदी ने चलाई गोली, प्रहरी घायल, जेल अधीक्षक सस्पेंड जेल तक कट्टा कैसे पहुंचा

Raisen jail news

Mp Big News,Raisen jail news : मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जिला जेल के अंदर एक विचाराधीन कैदी ने जेल प्रहरी पर गोली चला दी। गोली प्रहरी की पीठ में जा धंसी और हालत गंभीर बनी हुई है। इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जेल प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। घटना के तुरंत बाद जेल अधीक्षक आरके चौरे को निलंबित कर दिया गया है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए जेल मुख्यालय ने रायसेन के लिए एक विशेष जांच टीम रवाना कर दी है।

कब और कैसे हुई घटना?

यह घटना बुधवार, 2 सितंबर 2026 की है। रायसेन जिला जेल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक विचाराधीन कैदी निलेश ठाकुर ने जेल प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर पर गोली चला दी।बताया जा रहा है कि निलेश जेल का गेट खुलवाकर भागने की जिद कर रहा था। उसी दौरान झड़प हुई और उसने अवैध कट्टे से फायर कर दिया। गोली प्रहरी की पीठ में लगी और शरीर के अंदर तक धंस गई। दिलचस्प बात यह है कि उस दिन जेल परिसर में स्कूली बच्चों के साथ रक्षाबंधन का कार्यक्रम आयोजित होना था। आरोपी निलेश फलों की टोकरी लेकर गेट तक पहुंचा था, और ठीक उसी वक्त उसने फायरिंग कर दी।

घायल प्रहरी को भोपाल रेफर किया गया

गोली लगने के बाद जेल स्टाफ ने तुरंत दिग्विजय सिंह तोमर को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने एक्स-रे और शुरुआती इलाज के बाद उनकी हालत को गंभीर मानते हुए भोपाल एम्स रेफर करने का फैसला लिया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और स्थिति पर नजर बनी हुई है।

WhatsApp Image 2026-09-03 at 5.57.57 AM

कौन है आरोपी कैदी निलेश ठाकुर

पुलिस के मुताबिक, आरोपी निलेश ठाकुर बरेली के पास स्थित दिमाड़ा गांव का रहने वाला है। उस पर कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव पठारी में एक ही व्यक्ति पर दो बार जानलेवा हमला करने का आरोप है। पहले उस पर धारा 307 के तहत मामला दर्ज हुआ था। कुछ महीनों बाद उसने उसी व्यक्ति की हत्या कर दी, जिसके बाद वह दोनों मामलों में जेल में बंद विचाराधीन कैदी है।

जेल तक कट्टा कैसे पहुंचा

इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल यही है कि इतनी सुरक्षा वाली जिला जेल के भीतर कैदी के पास अवैध कट्टा आखिर पहुंचा कैसे। शुरुआती जांच में एक अहम बात सामने आई है।

पता चला है कि जो कट्टा कैदी के पास मिला, वह जेल की दीवार के बाहर से अंदर फेंका गया था। हालांकि, प्रशासन ने अभी इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इस सवाल ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

WhatsApp Image 2026-09-02 at 12.34.48 PM

जेल डीजी बोले, सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही

जेल डीजी वरुण कपूर ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि घटना की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जेल परिसर के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और घटना से जुड़े सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। डीजी कपूर ने भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द पूरे मामले की तह तक पहुंचा जाएगा और जो भी लापरवाही सामने आएगी, उस पर सख्त कार्रवाई होगी।