Viral Crime Story : मध्य प्रदेश के पांढुरना-
छिंदवाड़ा क्षेत्र के सौंसर में सोशल मीडिया के दौर की एक प्रेम कहानी का बेहद खौफनाक अंत हुआ है। प्रसिद्ध जामसांवली मंदिर के पास एक खेत की झोपड़ी में रहने वाली 21 वर्षीय महिला ने अपने 30 वर्षीय प्रेमी आकाश की ओढ़नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। गुजरात के बनासकांठा का रहने वाला आकाश रविवार शाम को अपनी इस प्रेमिका से मिलने विशेष रूप से सौंसर आया था, जहां बच्चों को छोड़ने और साथ चलने की जिद को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाए हुए मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है, जिसने एचआईवी से पूछताछ के बाद अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
तीन महीने में बढ़ी नजदीकियां
पुलिस जांच में सामने आया है कि गुजरात के बनासकांठा निवासी आकाश की पहचान करीब तीन महीने पहले इंस्टाग्राम पर 21 वर्षीय महिला से हुई थी। सोशल मीडिया पर बातचीत धीरे-धीरे निजी रिश्ते में बदल गई। दोनों नियमित रूप से संपर्क में थे और वीडियो कॉल व चैटिंग के जरिए करीब आए। स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला सौंसर क्षेत्र में जामसांवली मंदिर परिसर के पास एक खेत में बनी झोपड़ी में रहकर मजदूरी करती थी। उसके पति की करीब आठ महीने पहले मृत्यु हो चुकी थी और वह अपने दो बच्चों के साथ रह रही थी।
बातचीत बंद होने पर गुजरात से पहुंचा सौंसर
जांच में यह भी सामने आया कि पिछले कुछ दिनों से महिला ने युवक से बातचीत कम कर दी थी। इससे परेशान होकर आकाश सीधे सौंसर पहुंच गया। रविवार शाम वह महिला से मिलने उसकी झोपड़ी पर गया। पुलिस के मुताबिक, बातचीत के दौरान युवक ने महिला पर दबाव बनाया कि वह अपने दोनों बच्चों को छोड़कर उसके साथ गुजरात चले। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में तीखी बहस में बदल गया।
ओढ़नी से गला घोंटने का आरोप
प्राथमिक पूछताछ के आधार पर पुलिस का कहना है कि विवाद के दौरान महिला ने गुस्से में अपनी ओढ़नी से युवक का गला घोंट दिया। दम घुटने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। रविवार रात झोपड़ी में युवक का शव मिलने के बाद सौंसर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने सबसे पहले मृतक की पहचान की और उसके मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की। जांच में महिला से लगातार संपर्क के प्रमाण मिले।
पुलिस पूछताछ में महिला ने कबूला अपराध
शुरुआती पूछताछ में महिला ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। रूपलाल उईके ने बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।