Sports News Without Access, Favor, Or Discretion!

  1. Home
  2. Latest Big News

मनचले को भारी पड़ी सीटी: सडल वाली 'दीदी' का गुस्सा, बीच सड़क मनचले की कर दी धुनाई, वीडियो वायरल


Ashoknagar Viral Video : मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शनिवार रात करीब 8:30 बजे पिपरई रोड स्थित बंधन मैरिज गार्डन के पास एक महिला ने बीच सड़क पर एक युवक की सैंडल से पिटाई कर दी। दरअसल, बाहुबली कॉलोनी की रहने वाली यह महिला जब अपनी सहेली के साथ स्कूटी से टिफिन देने जा रही थी, तब विकास रजक नाम के एक युवक ने उन्हें देखकर सीटी बजा दी। इस बात से नाराज होकर महिला ने आपा खो दिया और स्कूटी रोककर युवक का कॉलर पकड़ लिया। इसके बाद जो हुआ, उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

टिफिन देने के दौरान हुई घटना

पिटाई करने वाली महिला ने बताया कि वह शहर में टिफिन सेंटर चलाती है। शनिवार को उसका कर्मचारी काम पर नहीं आया था, जिसके चलते वह खुद टिफिन की डिलीवरी देने जा रही थी। महिला का आरोप है कि जब वह रास्ते से गुजर रही थी, तब विकास ने उसे परेशान करने के इरादे से सीटी मारी। काम के तनाव और ऊपर से इस तरह की हरकत ने महिला के गुस्से को भड़का दिया। उसने तुरंत स्कूटी रोकी और युवक से भिड़ गई।

बीच सड़क पर जमकर हुआ हंगामा

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला ने युवक का कॉलर पकड़ रखा है और वह अपनी सैंडल निकालकर उसे मार रही है। इस दौरान महिला के साथ मौजूद दूसरी महिला पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाती रही। गुस्से में आकर महिलाओं ने युवक की मोटरसाइकिल के साथ भी तोड़फोड़ की। इस हंगामे की वजह से सड़क पर लंबा जाम लग गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। जब महिला युवक पर हमला कर रही थी, तब बचाव में युवक ने भी महिला को एक थप्पड़ जड़ दिया, जिससे स्थिति और ज्यादा तनावपूर्ण हो गई।

पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज की एफआईआर

हंगामे की सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों ही पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। महिला की शिकायत पर विकास रजक के खिलाफ छेड़छाड़ (Molestation) की धाराओं में केस दर्ज हुआ है। वहीं, विकास की शिकायत पर पुलिस ने महिला के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि कानून को हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं है और मामले की जांच की जा रही है।