नींद की गोलियां देकर घर से 22 लाख रुपये ले उड़ी महिला, इंस्टाग्राम वाले प्रेमी के साथ का ऐसे हुआ पर्दाफाश
Mp Big News,MP crime updates : मध्यप्रदेश के देवास जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हाटपीपल्या क्षेत्र के एक गांव की शादीशुदा महिला अचानक अपने घर से गायब हो गई। वजह जानकर हर कोई हैरान रह गया। महिला की मुलाकात इंस्टाग्राम पर एक युवक से हुई थी। बातचीत का सिलसिला बढ़ा और देखते ही देखते यह दोस्ती प्यार में बदल गई। लेकिन इस प्यार के पीछे एक बड़ी साजिश छिपी थी।
24 अगस्त की रात हुई थी घटना
पुलिस के मुताबिक यह पूरा मामला 24 अगस्त की रात का है। महिला अचानक अपने घर से गायब हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने हाटपीपल्या थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जांच शुरू करते हुए धारा 140(3) और 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। शुरुआती जांच में ही यह साफ हो गया कि यह सामान्य गुमशुदगी का मामला नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश का नतीजा था।
प्यार का नाटक, फिर लूट की तैयारी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद इश्तियाक, जो रीवा का रहने वाला बताया जा रहा है, ने इंस्टाग्राम के जरिए महिला से दोस्ती की थी। बातचीत के दौरान उसने महिला से प्यार जताया और धीरे-धीरे उसके परिवार की आर्थिक स्थिति के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
जब महिला ने बताया कि उसके परिवार को जमीन बेचने से करीब 22 लाख रुपये मिले हैं, तो आरोपी ने अपनी योजना पर काम करना शुरू कर दिया। उसने महिला को अपने साथ भागने के लिए मनाना शुरू किया।
घटना से एक दिन पहले आरोपी ने हाटपीपल्या के एक मेडिकल स्टोर से नींद की गोलियां खरीदीं और महिला को दे दीं। पुलिस के अनुसार महिला ने ये गोलियां अपने परिजनों के खाने में मिला दीं। सभी के सो जाने के बाद वह घर से 22 लाख रुपये लेकर आरोपी के साथ फरार हो गई।
पुलिस ने दो सहयोगियों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की। देर रात भोपाल बायपास, देवास से पुलिस ने आरोपी के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान साहबुद्दीन खान (40 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-20, ग्राम खेखड़ा, जिला सिंगरौली और शाकिब कुरैशी (19 वर्ष), निवासी ग्राम सुपेला, जिला सिंगरौली, हाल निवासी भोपाल के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान पुलिस को महिला के ठिकाने की जानकारी मिली। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया और उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मुख्य आरोपी अब भी फरार, तलाश जारी
इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड मोहम्मद इश्तियाक अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली है, जिससे जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
