दिनदहाड़े खौफ: सर्राफा कारोबारी को मारी गोली, बाप-बेटे से लाखों के जेवर लूटकर फरार हुए तीन नकाबपोश बदमाश
MP Crime News Today : मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में बुधवार शाम एक सर्राफा कारोबारी और उनके बेटे के साथ बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। पीपलधार से विदिशा लौट रहे रायसेन गेट निवासी व्यापारी संजय सोनी पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने बाइक सवार होकर हमला किया, गोली मारी और जेवरों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। यह घटना पीपलधार और पट्टन गांव के बीच विदिशा रोड पर शाम करीब साढ़े छह बजे हुई, जब कारोबारी अपने बेटे यश सोनी के साथ साप्ताहिक हाट बाजार में कारोबार निपटाकर घर लौट रहे थे।
हाट बाजार से लौटते वक्त हुआ हमला
व्यापारी संजय सोनी नियमित रूप से पीपलधार के साप्ताहिक हाट बाजार में आभूषणों की खरीद-बिक्री करते हैं। बुधवार को भी वे अपना रोज़मर्रा का काम निपटाकर बेटे के साथ बाइक से विदिशा की ओर लौट रहे थे। शाम का वक्त था और सड़क पर सुनसानी छाई हुई थी, तभी तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। शुरुआत में बदमाशों ने बाइक से ही बैग छीनने की कोशिश की। लेकिन जब पिता-पुत्र ने विरोध किया और उनकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई, तो हालात अचानक बिगड़ गए।
विरोध करने पर बदमाश ने चलाई गोली
पुलिस को दिए बयान में संजय सोनी ने बताया कि जैसे ही उन्होंने बैग बचाने की कोशिश की, बदमाशों में से एक ने उन पर सीधे गोली चला दी। गोली लगते ही बदमाश बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए और घायल व्यापारी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
लूट की रकम को लेकर पिता-पुत्र के अलग-अलग बयान
इस पूरे मामले में एक दिलचस्प पहलू यह भी है कि लूटे गए सामान की मात्रा को लेकर पिता और पुत्र के बयानों में थोड़ा अंतर है। व्यापारी संजय सोनी के मुताबिक बैग में करीब 10 से 15 किलो चांदी के जेवर, लगभग 20 ग्राम सोना, 25 हजार रुपये नकद और कारोबार से जुड़े जरूरी कागजात रखे थे।
वहीं उनके बेटे यश सोनी का कहना है कि बैग में असल में 25 से 30 किलो चांदी, 25 से 30 ग्राम सोना और अन्य सामान मौजूद था। यश के अनुसार कुल नुकसान करीब 70 लाख रुपये के आसपास बैठता है। पुलिस दोनों बयानों के आधार पर सटीक आंकड़े का आकलन कर रही है।
योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई वारदात, नहीं थी नंबर प्लेट
यश सोनी ने पुलिस को बताया कि यह लूट पूरी तरह सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी। तीनों बदमाशों ने अपनी पहचान छुपाने के लिए खास इंतजाम कर रखे थे। एक बदमाश ने चेहरे पर मास्क पहन रखा था, तो दूसरे ने सफेद तौलिये से अपना चेहरा ढक लिया था। गोली चलाने वाला बदमाश लाल रंग की शर्ट पहने हुए था, जबकि बाइक चला रहा युवक काली शर्ट में था। सबसे अहम बात यह रही कि बदमाशों की बाइक पर नंबर प्लेट ही नहीं लगी थी, जिससे साफ है कि वारदात से पहले ही उन्होंने पहचान छुपाने की पूरी तैयारी कर ली थी।
पुलिस ने बनाई अलग-अलग टीमें, CCTV फुटेज खंगाल रही
घटना की जानकारी मिलते ही शमशाबाद थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। एएसपी मोनिका तिवारी ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस फिलहाल आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की बाइक और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही संभावित भागने के रास्तों पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
