बेटे को छोड़ दो...": कटनी में मां गिड़गिड़ाती रही, दबंगों ने दलित युवक को नग्न कर पीटा
Katni news : मध्य प्रदेश के कटनी जिले से एक बेहद शर्मनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ मामूली सी बात पर दबंगों ने सारी हदें पार कर दीं। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के मटवारा गाँव में करीब एक दर्जन लोगों ने एक दलित युवक के घर में जबरन घुसकर न केवल उसकी बेरहमी से पिटाई की, बल्कि उसके कपड़े भी फाड़कर उसे नग्न कर दिया। बीच-बचाव करने आई उसकी बुजुर्ग मां के साथ भी दबंगों ने घिनौनी हरकत की और उनके कपड़े फाड़ दिए। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
छोटी सी बात पर बढ़ा विवाद, घर तक पहुँच गए आरोपी
घटना 29 सितंबर की शाम की है। पीड़ित युवक अरविंद के अनुसार, निवार बाजार में उसकी गाड़ी से एक स्कूटी को मामूली टक्कर लग गई थी। इस छोटी सी बात पर संजू बर्मन, सिद्धार्थ पाण्डेय और उनके साथियों ने बाजार में ही अरविंद के साथ मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह जान बचाकर अरविंद मटवारा स्थित अपने घर पहुँचा। लेकिन आरोपी इतने पर भी शांत नहीं हुए। वे करीब एक दर्जन उपद्रवियों की भीड़ के साथ अरविंद के घर आ धमके और जबरन अंदर घुस गए।
रहम की भीख मांगती रही मां, नहीं पसीजा दिल
पीड़ित परिवार का दर्द आँखों में आँसू ले आया। पीड़ित की मां ने बताया कि दबंगों ने घर में घुसकर उनके छोटे बेटे को घसीटते हुए आँगन में लाकर खड़ा कर दिया। आरोपियों ने उसके सारे कपड़े फाड़ दिए और उसे नग्न करके लात-घूंसों तथा डंडों से बुरी तरह पीटा।
बेबस मां अपने बेटे को बचाने के लिए हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाती रही, लेकिन आरोपियों का दिल बिल्कुल नहीं पसीजा। जब मां ने बीच-बचाव कर बेटे को बचाने की कोशिश की, तो दबंगों ने उनके साथ भी हाथापाई की और उनके कपड़े फाड़ दिए।
SP के सख्त रुख के बाद दर्ज हुई FIR
घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगाने स्लीमनाबाद थाने पहुँचा था। लेकिन आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी करती रही।
पुलिस की इस लचर कार्यशैली से निराश होकर पीड़ित परिवार ने 1 अक्टूबर को कटनी पुलिस अधीक्षक (SP) अभिनव विश्वकर्मा के सामने पेश होकर पूरी घटना की लिखित शिकायत की। SP के कड़े निर्देश मिलने के बाद स्लीमनाबाद पुलिस हरकत में आई और भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
