Sports News Without Access, Favor, Or Discretion!

  1. Home
  2. Local News

मंडला: नर्मदा पुल पर रेस्क्यू के दौरान युवक ने नदी में लगाई छलांग, मचा हड़कंप


मंडला जिले में नर्मदा नदी का बड़ा रपटा पुल मंगलवार को एक अजीबोगरीब और डरावनी घटना का गवाह बना। मंडला और महाराजपुर को जोड़ने वाले इस पुल पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक पुल के दो पिलर के बीच की संकरी और खतरनाक जगह पर जा फंसा। पिलर के बीच फंसा हुआ यह युवक मौत को दावत देता नजर आ रहा था, जिसे देखते ही राहगीरों ने तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही होमगार्ड और एनडीआरएफ (NDERF) की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने अपनी जान जोखिम में डालकर उस जगह तक पहुंचने की कोशिश की जहां युवक फंसा था। माहौल बेहद तनावपूर्ण था, क्योंकि पिलर के बीच का रास्ता बेहद तंग था और नीचे उफनती नर्मदा नदी का बहाव। टीम उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव जतन कर रही थी, लेकिन तभी वहां मौजूद हर किसी के होश फाख्ता हो गए। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अचानक उस युवक ने सभी को हैरान करते हुए नदी में छलांग लगा दी। बचाव दल के सामने ही वह युवक देखते ही देखते पानी की गहराइयों में ओझल हो गया। आनन-फानन में होमगार्ड और एनडीआरएफ के गोताखोरों ने अपनी नाव उतारी और नदी में उसे ढूंढना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। इस घटना के बाद जो जानकारी सामने आई, वह और भी चौंकाने वाली है। रेस्क्यू टीम के जवानों ने बताया कि यह युवक कोई अनजान नहीं है, बल्कि वही शख्स है जिसे ठीक पिछले साल जुलाई के महीने में इसी तरह इसी पिलर के बीच से रेस्क्यू करके सुरक्षित निकाला गया था। बार-बार एक ही व्यक्ति का इस तरह जान जोखिम में डालना स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। फिलहाल, गोताखोरों की टीम लापता युवक की तलाश में नदी के चप्पे-चप्पे को खंगाल रही है।