MPPSC Exam Schedule 2026: मार्च से सितंबर तक हर महीने परीक्षा, आयोग ने जारी किया विस्तृत कैलेंडर
राज्य सेवा से लेकर इंजीनियरिंग, मेडिकल और असिस्टेंट प्रोफेसर तक बड़ी भर्तियों का कार्यक्रम तय, लाखों अभ्यर्थियों पर असर
MPPSC Exam Schedule 2026 : मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने वर्ष 2025-26 के लिए प्रमुख परीक्षाओं और साक्षात्कार का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग मार्च 2026 से सितंबर 2026 तक लगातार लिखित परीक्षाएं और इंटरव्यू आयोजित करेगा। इस शेड्यूल में राज्य सेवा, वन सेवा, स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस, असिस्टेंट प्रोफेसर, मेडिकल ऑफिसर सहित कई महत्वपूर्ण भर्तियां शामिल हैं।
आयोग के अनुसार 22 मार्च 2026 को स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस परीक्षा आयोजित होगी। अप्रैल में राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा प्रस्तावित है। जुलाई और अगस्त में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती की लिखित परीक्षा तीन चरणों में होगी। सितंबर में राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 आयोजित करने की योजना है। यह कार्यक्रम उन अभ्यर्थियों के लिए अहम है जो लंबे समय से MPPSC की विभिन्न भर्तियों की तैयारी कर रहे हैं।
मार्च 2026: इंटरव्यू और इंजीनियरिंग परीक्षा की शुरुआत
मार्च की शुरुआत से ही आयोग का परीक्षा कैलेंडर सक्रिय हो जाएगा। 6 मार्च से माइनिंग ऑफिसर के 85 पदों के लिए साक्षात्कार शुरू होंगे। इसके बाद 15 मार्च से असिस्टेंट प्रोफेसर, जिसमें जियोलॉजी सहित विभिन्न विषय शामिल हैं, के इंटरव्यू लिए जाएंगे।
22 मार्च 2026 को स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस परीक्षा आयोजित की जाएगी। आयोग के अनुसार 32 पदों के लिए लगभग 2,500 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इसी अवधि में मेडिकल ऑफिसर के 1,832 पदों के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया जारी है, जो अप्रैल तक पूरी हो सकती है।
अप्रैल 2026: राज्य सेवा और वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा
26 अप्रैल 2026 को राज्य सेवा और वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा आयोजित होगी। राज्य सेवा के 155 पद और वन सेवा के 30 पदों के लिए यह परीक्षा होगी। आयोग के अनुमान के अनुसार करीब 1.33 लाख अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकते हैं। परीक्षा 54 जिलों में आयोजित की जाएगी।
राज्य सेवा परीक्षा MPPSC की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिनी जाती है। इस परीक्षा के माध्यम से डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी और अन्य प्रशासनिक पदों पर नियुक्तियां की जाती हैं।
मई 2026: विश्वविद्यालय स्तर की भर्ती
17 मई 2026 को यूनिवर्सिटी असिस्टेंट रजिस्ट्रार के 12 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह भर्ती उच्च शिक्षा विभाग से संबंधित है और विश्वविद्यालय प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण मानी जाती है।
जून 2026: राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 पर निर्णय लंबित
आयोग ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 को जून 2026 में प्रस्तावित किया है। हालांकि यह मामला न्यायालय में लंबित है। ऐसे में परीक्षा आयोजन अदालत की अनुमति पर निर्भर करेगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि कानूनी स्थिति स्पष्ट होते ही संशोधित तिथि की घोषणा की जाएगी।
जुलाई-अगस्त 2026: असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती की बड़ी परीक्षा
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती-2025 के तहत 1,239 पदों के लिए लिखित परीक्षा तीन चरणों में आयोजित होगी। पहला चरण 12 जुलाई, दूसरा 2 अगस्त और तीसरा 30 अगस्त 2026 को होगा। यह भर्ती उच्च शिक्षा संस्थानों में फैकल्टी की कमी को दूर करने के उद्देश्य से की जा रही है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर साइंस सहित अन्य नए विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर पदों के इंटरव्यू मार्च और अप्रैल में संभावित हैं।
सितंबर 2026: मुख्य परीक्षा और अन्य इंटरव्यू
7 से 12 सितंबर 2026 के बीच राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 आयोजित करने की योजना है। यह परीक्षा प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए होगी।
मार्च से सितंबर के बीच कई अन्य पदों के लिए भी इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। इनमें असिस्टेंट मैनेजर के 68 पद, फूड सेफ्टी ऑफिसर के 123 पद, आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर के 130 पद, होम्योपैथ के 34 पद और यूनानी मेडिकल ऑफिसर के 30 पद शामिल हैं। असिस्टेंट प्रोफेसर के लगभग 1,900 पदों के लिए चरणबद्ध तरीके से साक्षात्कार सितंबर तक जारी रहेंगे।













