टोल टैक्स के विवाद में खूनी खेल: डिप्टी मैनेजर को केबिन में घुसकर लाठी-डंडों से पीटा, वीडियो आया सामने
Local News : उज्जैन जिले में टोल टैक्स को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। टोल न देने की बात पर एक युवक टोल प्लाजा के कैबिन में घुस गया। उसने अपने मोबाइल में रखी एक फोटो के सहारे डिप्टी मैनेजर की पहचान की। पहचान होते ही उसने लाठी उठाई और पिटाई शुरू कर दी। यह पूरा घटनाक्रम उज्जैन-गरोठ हाइवे स्थित खेड़ा खजुरिया टोल प्लाजा का है। मामला सामने आने के बाद राघवी थाना पुलिस ने देर रात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना 19 सितंबर की रात करीब एक बजे की है। उज्जैन-गरोठ हाईवे पर स्थित खेड़ा खजुरिया टोल प्लाजा पर एमपी-09-जेडयू-7776 नंबर की एक कार पहुंची। गाड़ी में सवार राहुल सिंह नाम के युवक ने टोल टैक्स देने से इनकार कर दिया और अपनी कार को बीच सड़क पर ही खड़ा कर दिया। इससे वहां यातायात भी बाधित हुआ।
मोबाइल में फोटो देखकर की डिप्टी मैनेजर की पहचान
टोल प्लाजा के केबिन में उस वक्त डिप्टी मैनेजर दीपक कुमार मौजूद थे। दबंग युवक राहुल सिंह सीधे केबिन के अंदर दाखिल हुआ। उसने अपना मोबाइल निकाला और उसमें मौजूद एक तस्वीर को दीपक कुमार के चेहरे से मिलाकर उनकी शिनाख्त की। पहचान पक्की होने के बाद आरोपी ने वहीं रखी लाठी उठाई और डिप्टी मैनेजर पर हमला बोल दिया।
केबिन से बाहर खींचकर सड़क पर पीटा
हमला यहीं नहीं रुका। आरोपी राहुल सिंह ने दीपक कुमार को पहले केबिन के अंदर लाठी, थप्पड़ों और घूंसों से पीटा। इसके बाद उन्हें खींचकर टोल प्लाजा के बाहर सड़क पर लाया गया, जहां खुलेआम दबंगई दिखाते हुए दोबारा मारपीट की गई। टोल कर्मचारियों और आसपास के लोगों के बीच इस घटना से दहशत फैल गई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी की तलाश जारी
पीड़ित डिप्टी मैनेजर दीपक कुमार ने इस पूरी घटना की शिकायत राघवी थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए जांच की और देर रात आरोपी राहुल सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 296(b) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद से आरोपी राहुल सिंह फरार चल रहा है और उसकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
