बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या, गैंगस्टर भोला सिकरवार मर्डर केस से जुड़ा शक
Gwalior murder news : ग्वालियर में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया। गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में रेसकोर्स रोड पर, LNIPE के ठीक सामने, बदमाशों ने एक युवक को बाइक से खींचकर गोलियों से भून डाला। मृतक की पहचान बिरला नगर लाइन नंबर-2 निवासी छोटू राजावत के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था।
घटना उस वक्त हुई जब छोटू अपने दोस्त नितेश परमार के साथ बाइक पर सवार होकर एक पार्टी से घर लौट रहा था। रास्ते में तीन बाइकों पर सवार 8 से 9 हथियारबंद बदमाशों ने दोनों को घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने छोटू को चलती बाइक से नीचे उतारा और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर नितेश बाइक लेकर वहां से भाग निकला और बाद में पुलिस को पूरी घटना बताई। पुलिस को शक है कि इस हत्या के तार गैंगस्टर भोला सिकरवार हत्याकांड से जुड़े हैं।
चश्मदीद दोस्त ने पुलिस को सुनाई आंखों देखी वारदात
घटना की जानकारी मिलते ही ग्वालियर पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ देर बाद मृतक का दोस्त और इस वारदात का इकलौता चश्मदीद नितेश परमार भी पुलिस के सामने आया और घटनाक्रम की पूरी जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, नितेश ने हमलावरों में से कुछ को पहचान लेने का दावा किया है। उसने जिन नामों की जानकारी पुलिस को दी है, उनमें राजवीर चौहान, रानू सिकरवार, हेमू सिकरवार, दिन्नू सिकरवार और अजित तोमर के नाम शामिल हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह चश्मदीद के बयान के आधार पर सामने आए नाम हैं और जांच अभी जारी है।
भोला सिकरवार हत्याकांड से जुड़ रहा कनेक्शन
पुलिस जांच में एक अहम पहलू सामने आया है। छोटू राजावत की हत्या को गैंगस्टर भोला सिकरवार हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि बदमाशों को शक था कि भोला सिकरवार की हत्या में छोटू ने मुखबिरी की थी।
गौरतलब है कि पुलिस जांच में इससे पहले छोटू को इस मामले में क्लीन चिट मिल चुकी थी। इसके बावजूद मुखबिरी के इसी शक को उसकी हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस अब इस पूरे कनेक्शन की बारीकी से जांच कर रही है।
वारदात के बाद फरार हो गए सभी आरोपी
हत्या को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी बाइकों से मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इलाके में तत्काल तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। जिन संदिग्धों के नाम चश्मदीद के बयान में सामने आए हैं, पुलिस उनकी भूमिका की भी अलग से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या की वास्तविक वजह और सभी आरोपियों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगी।
शव पोस्टमार्टम हाउस भेजा, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने छोटू राजावत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। मर्ग कायम कर मामले की विधिवत जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान और उनके भागने का रूट पता लगाया जा सके। इसके साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
