होटल में ‘पति-पत्नी और वो’ का ड्रामा: गर्लफ्रेंड का बर्थडे मना रहे डॉक्टर पति को पत्नी ने रंगे हाथ पकड़ा, जमकर हुई धुनाई
Mandsaur Viral Video : मंदसौर के नाहटा चौराहा स्थित समता पैलेस होटल में गुरुवार रात करीब 11 बजे हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। शामगढ़ के रहने वाले 50 वर्षीय डॉक्टर जुल्फिकार अली अपनी 38 वर्षीय प्रेमिका का जन्मदिन मनाने के लिए होटल पहुंचे थे। इसकी भनक लगते ही डॉक्टर की पत्नी अपने भाई और भाभी के साथ वहां धमक पड़ीं।
जैसे ही कमरे का दरवाजा खुला, पति को दूसरी महिला के साथ देखकर पत्नी का गुस्सा फूट पड़ा। इसके बाद पत्नी और उनके परिजनों ने डॉक्टर और उनकी प्रेमिका के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
होटल के कमरे से सीढ़ियों तक चला हंगामा
जब होटल के कमरे का दरवाजा खुला तो मंजर पूरी तरह बदल गया। पत्नी ने अपनी भाभी के साथ मिलकर पति की प्रेमिका पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार, पत्नी ने प्रेमिका के बाल पकड़कर उसे कमरे से बाहर निकाला और पीटते हुए पहली मंजिल से सीढ़ियों के रास्ते नीचे तक घसीट कर ले आईं।
इस दौरान डॉक्टर जुल्फिकार के साथ पत्नी के भाई की भी तीखी झड़प और झूमा-झटकी हुई। होटल के स्टाफ और अन्य मेहमान इस हंगामे को देख दंग रह गए।
पुलिस की एंट्री और मेडिकल जांच
हंगामे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस दोनों पक्षों को पकड़कर थाने ले गई। चूंकि मामला मारपीट का था, इसलिए पुलिस ने डॉक्टर जुल्फिकार अली और उनकी प्रेमिका को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा।
थाना प्रभारी के अनुसार, शुरुआती जांच और कागजी कार्रवाई के बाद दोनों को छोड़ दिया गया क्योंकि उस समय पत्नी और उनके परिजन थाने से जा चुके थे। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी राय ले रही है।
जन्मदिन मनाने का था प्लान, पड़ गए लेने के देने
जानकारी के मुताबिक, जुल्फिकार अली पेशे से डॉक्टर हैं और शामगढ़ में अपना निजी क्लीनिक चलाते हैं। बताया जा रहा है कि उनकी प्रेमिका मंदसौर के पास मुलतानपुरा की रहने वाली है। गुरुवार को प्रेमिका का जन्मदिन था, जिसे खास बनाने के लिए डॉक्टर साहब ने मंदसौर के होटल में कमरा बुक किया था।
उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि उनकी पत्नी को इस गुप्त मुलाकात की खबर लग जाएगी। फिलहाल, यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग वायरल वीडियो पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।












