अचानक बूंदाबांदी, मराठवाड़ा में भी बरसेंगे बादल; जानें मौसम विभाग की नई चेतावनी
महाराष्ट्र में कड़ाके की ठंड के बाद अब बेमौसम बारिश का साया है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव के कारण मराठवाड़ा और उत्तर महाराष्ट्र के कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।
Maharashtra Weather Alert : महाराष्ट्र में मौसम ने ऐसी पलटी मारी है कि लोग हैरान हैं। पिछले कुछ दिनों से लोग कड़ाके की ठंड और शीतलहर से जूझ रहे थे, लेकिन अब अचानक आसमान में बादलों का डेरा जम गया है। दरअसल, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र ने हवाओं का रुख बदल दिया है, जिससे नमी वाली हवाएं सीधे महाराष्ट्र का रुख कर रही हैं। इसकी वजह से राज्य के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश ने दस्तक दी है और आने वाले कुछ दिन भी ऐसे ही रहने वाले हैं।
मौसम में आए इस बड़े बदलाव के पीछे मुख्य कारण बंगाल की खाड़ी में उठा एक सिस्टम है। वहां कम दबाव का क्षेत्र बनने से नमी वाली हवाएं सक्रिय हो गई हैं। ये हवाएं जैसे ही महाराष्ट्र की ठंडी हवाओं से टकरा रही हैं, राज्य के कई इलाकों में बारिश की स्थिति बन रही है। यही वजह है कि अचानक से तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है और ठंड के बीच लोगों को अब बारिश का सामना करना पड़ रहा है।
भारतीय मौसम विभाग यानी आईएमडी ने मराठवाड़ा और उत्तर महाराष्ट्र के कुल छह जिलों के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। इसका मतलब है कि इन इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम के प्रति सावधान रहने की जरूरत है।
27 और 28 जनवरी को इन हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। खासतौर पर छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड, परभणी, नांदेड़ और लातूर जैसे जिलों में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है।
तपशीलवार जिल्हानिहाय हवामान अंदाज व चेतावणीसाठी कृपया https://t.co/jw7yrf9chD भेट घ्या. pic.twitter.com/ov1Y3u4aZ8
— Regional Meteorological Center,Mumbai (@RMC_Mumbai) January 26, 2026
सिर्फ मराठवाड़ा ही नहीं, बल्कि कोंकण और मुंबई के आसपास भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मंगलवार सुबह मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के कुछ इलाकों में अचानक हुई बूंदाबांदी ने काम पर जाने वाले लोगों को चौंका दिया। मौसम विभाग का अनुमान है कि दोपहर के समय मुंबई का आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा।
इसके अलावा रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जैसे तटीय इलाकों में मध्यम से तेज गति वाली हवाएं चल सकती हैं। मुंबई के तापमान की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक जा सकता है, जबकि रात का पारा 18 से 22 डिग्री के बीच बना रहेगा।
उत्तर महाराष्ट्र के नासिक, धुले, जलगांव और नंदुरबार में भी स्थिति कुछ अलग नहीं है। यहां के निवासियों को भी सलाह दी गई है कि वे बाहर निकलते समय तैयारी रखें, क्योंकि दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कहीं-कहीं हल्की बारिश फसलों को भी प्रभावित कर सकती है। अचानक हुई इस बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता भी थोड़ी बढ़ा दी है, क्योंकि इस समय रबी की फसलें तैयार हो रही हैं।












