नेशनल हाईवे पर काल बनी रफ्तार: अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंदा, मौके पर ही दर्दनाक मौत
मध्यप्रदेश के सागर जिले में बंडा के पास ग्राम सौरई में हुआ भीषण हादसा; बिना हेलमेट के सफर कर रहे युवकों के सिर में आईं गंभीर चोटें, पुलिस सीसीटीवी के जरिए कर रही फरार चालक की तलाश।
MP Road Accident News Today : मध्यप्रदेश के सागर जिले में बुधवार की रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन घरों के चिराग बुझा दिए। सागर-कानपुर नेशनल हाईवे 86 पर स्थित बंडा तहसील के ग्राम सौरई के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात वाहन की गति इतनी अधिक थी कि टक्कर लगते ही युवक सड़क पर काफी दूर तक जा गिरे। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन सहित अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने स्थिति का जायजा लिया और क्षत-विक्षत हो चुके शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतकों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण उनके सिर में घातक चोटें आईं। पुलिस फिलहाल मृतकों की शिनाख्त करने के साथ-साथ फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
सागर-कानपुर नेशनल हाईवे पर हुए इस हादसे के पीछे तेज रफ्तार को मुख्य कारण माना जा रहा है। मामले की जानकारी देते हुए अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) प्रदीप बाल्मीकि ने बताया कि सागर से कानपुर तक फोर-टू-सेक्स लेन सड़क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
सागर से दलपतपुर तक का हिस्सा लगभग पूरा हो चुका है, जिसके कारण सड़क की गुणवत्ता बेहतर हुई है और वाहन यहां से अत्यधिक गति में गुजरते हैं। इसी रफ्तार ने बुधवार रात तीन जिंदगियों को लील लिया।
सड़क मार्ग चौड़ा होने की वजह से अक्सर वाहन चालक यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं। ग्राम सौरई के पास जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार युवक अपनी दिशा में जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक भारी वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। वाहन की गति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसका मलबा सड़क के बड़े हिस्से में फैल गया।
हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन को पकड़ने के लिए पुलिस ने अब तकनीक का सहारा लेना शुरू कर दिया है। एसडीओपी प्रदीप बाल्मीकि ने स्पष्ट किया है कि नेशनल हाईवे पर लगे विभिन्न टोल नाकों और ढाबों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस उन सभी वाहनों की सूची तैयार कर रही है जो दुर्घटना के समय उस क्षेत्र से गुजरे थे। इसके अलावा, बंडा और आसपास के इलाकों में भी संदिग्ध वाहनों की तलाशी के लिए टीम सक्रिय कर दी गई है।











