नरसिंहपुर में जुए का वीडियो वायरल: फार्म हाउस में सज रही महफिल, अब SP के एक्शन का इंतजार देखे विडिओ
नरसिंहपुर के पलोहा थाना क्षेत्र में खेतों के बीच जुए का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है। लोग अब पुलिस अधीक्षक की सख्त कार्रवाई और अपराधियों की धरपकड़ का इंतजार कर रहे हैं।
Narsinghpur News : नरसिंहपुर जिले में इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। इस वीडियो में खुलेआम जुआ खेलते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं। यह मामला केवल मनोरंजन का नहीं बल्कि कानून व्यवस्था को दी जा रही खुली चुनौती का है। स्थानीय लोगों के बीच इस वीडियो की चर्चा जोरों पर है और हर कोई अब जिले के कप्तान यानी पुलिस अधीक्षक (SP) के अगले कदम का इंतजार कर रहा है।
पलोहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चिरिर्या और महंगवा के पास मौजूद कृषि फार्म हाउस इन दिनों जुआरियों का नया ठिकाना बन गए हैं। खेतों के बीचों-बीच बने इन फार्म हाउसों में जुए की महफिलें सज रही हैं। ताज्जुब की बात यह है कि यह सब इतनी बेखौफी से हो रहा है कि इसके वीडियो सोशल मीडिया तक पहुंच गए। वायरल वीडियो ने पुलिस की मुस्तैदी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर इतनी बड़ी गतिविधि की भनक स्थानीय पुलिस को क्यों नहीं लगी।
सूत्रों की मानें तो जुए का यह पूरा नेटवर्क काफी शातिर तरीके से काम कर रहा है। पहले यह अवैध कारोबार गाडरवारा थाना क्षेत्र के कामती पिठहरा इलाके में फल-फूल रहा था। लेकिन जब वहां सख्ती बढ़ी या पुलिस की नजर पड़ी तो इन जुआरियों ने अपनी जगह बदल ली। अब यह पूरा ‘जुआ फड़’ पलोहा थाने के सीमा क्षेत्र में शिफ्ट हो गया है। एक इलाके से दूसरे इलाके में जुए के अड्डे का जाना यह दर्शाता है कि जुआ खिलाने वाले लोग पुलिस की आंखों में धूल झोंकने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के अवैध काम न केवल माहौल खराब करते हैं बल्कि युवाओं को भी गलत रास्ते पर धकेलते हैं। जुए की लत के कारण कई परिवार आर्थिक तंगी का शिकार हो जाते हैं और इसी चक्कर में अपराध की अन्य घटनाएं भी बढ़ने लगती हैं। यही कारण है कि ग्रामीण अब पुलिस से सख्त एक्शन की मांग कर रहे हैं।
नरसिंहपुर में जुए का वीडियो वायरल: फार्म हाउस में सज रही महफिल, अब SP के एक्शन का इंतजार देखे विडिओ pic.twitter.com/6b5oju8iYz
— mpbignews (@mpbignews) February 3, 2026
नरसिंहपुर के मौजूदा पुलिस अधीक्षक अपनी तेज-तर्रार कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसी है। अब जबकि वीडियो सार्वजनिक हो चुका है और जगह की पहचान भी साफ है तो उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही पलोहा और गाडरवारा क्षेत्र के इन ठिकानों पर पुलिस की बड़ी रेड देखने को मिलेगी। पुलिस की इस संभावित कार्रवाई पर न केवल जुआरियों की बल्कि पूरे जिले की नजरें टिकी हुई हैं।












