आखों में थे शादी के सुनहरे सपने, पर एक घिनौनी साजिश ने मंडप सजने से पहले ही उजाड़ दी बेटी की दुनिया
- मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा में शादी के दिन ही एक युवती का रिश्ता टूट गया।
- आरोपी अखिलेश अहिरवार ने शादी रुकवाने की नीयत से दूल्हे के परिवार को दुल्हन का निजी वीडियो भेजा।
- आपत्तिजनक सामग्री देखने के बाद दोनों पक्षों में पंचायत हुई, लेकिन वर पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया।
- पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पिछले दो साल से वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल कर रहा था।
- पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है; घटना के कारण पीड़ित परिवार को 6-7 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
Chhatarpur Crime : मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र में मंगलवार (5 मई) को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जहां एक युवती की शादी ऐन वक्त पर टूट गई। शादी के ही दिन युवती के एक पुराने परिचित अखिलेश अहिरवार ने दूल्हे और उसके परिवार को कुछ निजी और आपत्तिजनक वीडियो भेज दिए।
इस वीडियो को देखने के बाद नौगांव के लुगासी गांव से आने वाली बारात रुक गई और दोनों पक्षों की पंचायत के बाद वर पक्ष ने शादी से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता ने अब आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खुशियों वाले घर में अचानक मचा हड़कंप
मंगलवार को गढ़ीमलहरा के इस घर में हर तरफ शहनाइयां गूंज रही थीं। रिश्तेदार आ चुके थे, पकवान बन रहे थे और बारात के स्वागत की तैयारियां अंतिम दौर में थीं। दुल्हन के जोड़े में सजी युवती के जीवन का यह सबसे बड़ा दिन होने वाला था।
लेकिन तभी दूल्हे और उसके परिवार के मोबाइल फोन पर कुछ ऐसी तस्वीरें और वीडियो आए, जिसने शादी की खुशियों को पल भर में उजाड़ दिया। यह वीडियो किसी और ने नहीं, बल्कि युवती के ही एक कथित प्रेमी अखिलेश ने भेजे थे, जिसका मकसद सिर्फ और सिर्फ ऐन वक्त पर इस शादी को रुकवाना था।
दो साल पुराना जाल और ब्लैकमेलिंग का खेल
पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात अखिलेश अहिरवार नाम के युवक से हुई थी। आरोप है कि उसी दौरान अखिलेश ने जबरदस्ती करके उसके कुछ निजी और आपत्तिजनक वीडियो बना लिए थे। इसके बाद वह इन वीडियो के दम पर युवती को लगातार डराता-धमकाता रहा और ब्लैकमेल करता रहा।
लोक-लाज और सामाजिक बदनामी के डर से युवती लंबे समय तक चुपचाप इस मानसिक प्रताड़ना को सहती रही, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि आरोपी उसकी जिंदगी इस तरह बर्बाद कर देगा।
पंचायत बैठी, पर नहीं मानी लड़के की फैमिली
जैसे ही दूल्हे के परिवार के पास वह आपत्तिजनक वीडियो पहुंचा, दोनों परिवारों के बीच खलबली मच गई। मामले को सुलझाने और बात आगे बढ़ाने के लिए आनन-फानन में दोनों पक्षों के बीच एक पंचायत बुलाई गई। लड़की के परिवार ने समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वीडियो देखने के बाद लड़के वालों का फैसला बदल चुका था। उन्होंने शादी करने से पूरी तरह मना कर दिया और रिश्ता हमेशा के लिए तोड़ दिया।
लाखों का नुकसान और पुलिस की कार्रवाई
इस अचानक आई मुसीबत से लड़की का परिवार पूरी तरह टूट गया है। गढ़ीमलहरा थाना प्रभारी रीता सिंह ने बताया कि लड़की की शिकायत के आधार पर आरोपी अखिलेश अहिरवार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, इस पूरी घटना के कारण लड़की के परिवार को शादी की तैयारियों और इंतजामों में करीब 6 से 7 लाख रुपये का भारी आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।












