नरसिंहपुर में कानून-व्यवस्था फेल? सरेआम कारोबारी को उठा ले गए बदमाश, पुलिस के सामने फेंका
- शनिवार दोपहर करीब 1 बजे प्रदीप कौरव के दफ्तर पर हुआ हमला।
- हमलावरों ने बुरी तरह मारपीट कर कारोबारी को अगवा किया।
- अधमरी हालत में पीड़ित को ठेमी थाने के सामने फेंककर भागे अपराधी।
- पुलिस ने BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
- वर्चस्व और अवैध वसूली को लेकर हमले की आशंका, सीसीटीवी की जांच जारी।
Narsinghpur Crime News : मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के करकबेल इलाके में शनिवार को दिनदहाड़े माफियाराज की एक खौफनाक तस्वीर सामने आई। यहां के शराब कारोबारी प्रदीप कौरव पर दर्जनों हथियारबंद बदमाशों ने न केवल जानलेवा हमला किया, बल्कि उन्हें फिल्मी अंदाज में अगवा कर मारपीट की और फिर अधमरी हालत में थाने के सामने फेंक दिया।
इलाके में दहशत फैलाने और अवैध वसूली के मकसद से की गई इस वारदात के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
दफ्तर में घुसकर किया हमला, फिर किया अपहरण
वारदात शनिवार दोपहर करीब 1 बजे की है, जब प्रदीप कौरव अपने करकबेल स्थित दफ्तर में काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक दर्जनों हमलावर लाठी-डंडों और हथियारों के साथ दफ्तर में घुस आए।
बदमाशों ने बिना कुछ कहे प्रदीप पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने उन्हें तब तक पीटा जब तक वे लहूलुहान होकर बेहोश नहीं हो गए। इसके बाद हमलावर उन्हें जबरन उठाकर एक वाहन में ले गए।
नहर के पास दोबारा बर्बरता और फिर थाने के सामने फेंका
अपहरण के बाद हमलावर प्रदीप कौरव को पास की एक नहर के पास ले गए। वहां उनके साथ दोबारा मारपीट की गई। हमलावरों ने इतनी क्रूरता दिखाई कि जब प्रदीप हिलना-डुलना बंद हो गए, तो उन्हें मरा हुआ समझ लिया गया। इसके बाद अपराधी उन्हें ठेमी थाने के सामने फेंककर फरार हो गए। इस पूरी घटना के पीछे मुख्य कारण इलाके में वर्चस्व कायम करना और अवैध वसूली को बताया जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीमें
इस सनसनीखेज मामले के बाद नरसिंहपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीएनएस की धारा 296, 115(2), 332(C), 138 और 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया है।
विवेचना अधिकारी ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का सटीक पता लगाया जा सके।
कानून हाथ में लेने वालों पर होगा कड़ा प्रहार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। जांच टीम ने घटनास्थल से कुछ अहम सबूत भी जुटाए हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने इलाके में अपना डर पैदा करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया है,
लेकिन कानून व्यवस्था को ठेंगे पर रखने वालों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जाएगी। जल्द ही सभी नामजद और अज्ञात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।












